विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तरकाशी में वायुसेना का 10 दिवसीय सैन्य अभ्यास शुरू, डोर्नियर विमान ने भरी उड़ान

Published: Thu, 12 Nov 2026 10:44 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 12 Nov 2026 10:46 PM (GMT+05:30)

भारतीय वायुसेना ने उत्तरकाशी की चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर दस दिवसीय सैन्य अभ्यास शुरू किया है।

पहले दिन डोर्नियर सैन्य परिवहन विमान ने लैंडिंग और उड़ान भरने का अभ्यास किया, जो 21 नवंबर तक चलेगा।

पहले दिन डोर्नियर सैन्य परिवहन विमान ने लैंडिंग और उड़ान भरने का अभ्यास किया, जो 21 नवंबर तक चलेगा।

HighLights

  1. चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर वायुसेना का दस दिवसीय अभ्यास शुरू।

  2. पहले दिन डोर्नियर सैन्य परिवहन विमान ने अभ्यास किया।

  3. यह हवाई पट्टी सामरिक और आपातकालीन दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर वायुसेना का दस दिवसीय सैन्य अभ्यास गुरुवार को शुरू हुआ। पहले दिन भारतीय वायुसेना के डोर्नियर सैन्य परिवहन विमान ने हवाई पट्टी पर उतरने और उड़ान भरने का अभ्यास किया। दोपहर 12 से सवा दो बजे के बीच विमान ने चार से पांच बार क्षेत्र के आसमान में चक्कर लगाए।

चीन सीमा के निकट स्थित यह हवाई पट्टी सामरिक और आपातकालीन दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां थल सेना और वायुसेना नियमित अंतराल पर अभ्यास करती हैं। वायुसेना इस हवाई पट्टी को एडवांस लैंडिंग ग्राउंड (एएलजी) के रूप में विकसित करने की तैयारी भी कर रही है।

गुरुवार सुबह वायुसेना की टीम आगरा एयरबेस से अभ्यास के लिए चिन्यालीसौड़ पहुंची। तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल ने अभ्यास की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सेना की मांग पर जरूरी सहायता देने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग को पत्र भेजा गया है। अभ्यास 21 नवंबर तक चलेगा। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान वायुसेना के अन्य विमानों की लैंडिंग और उड़ान का अभ्यास भी हो सकता है।

इससे पहले वायुसेना यहां सुपर हरक्यूलिस, एएन-32 और सी-295 परिवहन विमानों के साथ अपाचे, चिनूक, एमआई-17 और एडवांस्ड लाइट हेलीकाप्टर उतार चुकी है।

डोर्नियर विमान की खासियत

भारतीय वायुसेना का डोर्नियर-228 हल्का, दो इंजन वाला टर्बोप्राप परिवहन विमान है। इसका निर्माण हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) भारत में करती है। यह कम दूरी की उड़ानों और दुर्गम क्षेत्रों में संपर्क व परिवहन के लिए उपयोगी है।

वायुसेना इसका इस्तेमाल मार्ग परिवहन, संचार और जरूरी कर्मियों व सामग्री को पहुंचाने के लिए करती है। छोटी हवाई पट्टियों पर संचालन की इसकी क्षमता इसे चिन्यालीसौड़ जैसे सामरिक हवाई क्षेत्रों के लिए उपयोगी बनाती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।