महिला की हत्या में पति गिरफ्तार, जेल भेजा
संवाद सूत्र पुरोला थाना मोरी के हल्टाडी गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता महिला का शव ट
संवाद सूत्र, पुरोला: थाना मोरी के हल्टाडी गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता महिला का शव टोंस नदी के किनारे बरामद हुआ। मामले में मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में टिहरी जेल भेज दिया गया।
मोरी नानाई गांव की जसपुरी का विवाह 14 वर्ष पहले मोरी के हल्टाडी गांव निवासी त्रेपन सिंह के साथ हुआ था। उनके दो बच्चे भी हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही त्रेपन सिंह पत्नी की पिटाई करता था। कई बार त्रेपन सिंह ने गांव की पंचायत में सुलह माफी पत्र भी दिया था। लेकिन, इसके कुछ दिन बाद वह फिर से पत्नी की पिटाई करने लगा। मृतक महिला के पिता बृजमोहन सिंह ने बताया कि बीती सोमवार को त्रेपन सिंह ने जसपुरी की पिटाई की। उस दिन भी मामले को लेकर हल्टाडी गांव के ग्रामीणों ने पंचायत में सुलहनामा कराया। लेकिन, उसी रात को जसपुरी संदिग्ध परिस्थिति में घर से लापता हो गई। मंगलवार सुबह नैटवाड के पास टोंस नदी में ग्रामीणों ने महिला का शव दिखा, जिसकी शिनाख्त जसपुरी के रूप में हुई। मृतका के पिता बृजमोहन सिंह ने आरोप लगाया कि त्रेपन सिंह ने जसपुरी की हत्या कर शव नदी में फेंक दिया। थानाध्यक्ष मोरी दीनदयाल रावत ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर आरोपित पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर रात गांव के पास छानियों से आरोपित को गिरफ्तार किया गया।