यमुनोत्री धाम पहुंचे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पत्नी डॉ सुदेश धनखड़ ने किए मां यमुना के दर्शन
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपनी पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ के साथ यमुनोत्री धाम पहुंचे। शारीरिक असमर्थता के कारण धनखड़ मंदिर ...और पढ़ें

HighLights
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ यमुनोत्री धाम पहुंचे।
शारीरिक असमर्थता के कारण धनखड़ मंदिर नहीं जा सके।
पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ ने मां यमुना की पूजा की।
संवाद सूत्र, बड़कोट(उत्तरकाशी)। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को अपनी पत्नी डा.सुदेश धनखड़ के साथ यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जानकीचट्टी पहुंचे। यमुनोत्री धाम तक पैदल मार्ग होने के कारण जगदीप धनखड़ मंदिर तक नहीं जा सके। लेकिन उनकी पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ ने पैदल यात्रा कर यमुनोत्री धाम पहुंचकर मां यमुना के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की।
यमुनोत्री धाम पहुंचने पर डॉ.सुदेश धनखड़ ने सबसे पहले पवित्र दिव्य शिला का पूजन किया। इसके बाद यमुना मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां यमुना के दर्शन किए और देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद वह रात्रि विश्राम के लिए वापस जानकीचट्टी लौट गईं।
मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष प्रदीप उनियाल ने बताया कि जगदीप धनखड़ पहली बार मां यमुना के दर्शन के लिए यमुनोत्री धाम के आंचल में पहुंचे हैं। उनकी शारीरिक असमर्थता के कारण वह मंदिर तक नहीं जा सके, जबकि उनकी पत्नी डा.सुदेश धनखड़ ने दिव्य शिला का पूजन करने के साथ ही मंदिर में दर्शन किए।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल और कोषाध्यक्ष प्रदीप उनियाल ने पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भेंट की और उन्हें मां यमुना का प्रसाद व स्मृति चिन्ह भेंट किया। बता दें कि वर्ष 2023 में उपराष्ट्रपति पद पर रहते हुए जगदीप धनखड़ गंगोत्री धाम के दर्शनों को भी पहुंचे थे।
