गंगोत्री हिमालय की नई चोटी जीतेंगी बेटियां, करेंगी उसका नामकरण भी
कोलकाता से आया महिलाओं का दस सदस्यीय दल समुद्रतल से लगभग 6200 मीटर ऊंची नई चोटी के आरोहण को अभियान शुरू करेगा और चोटी फतह करने के बाद उसका नामकरण भी करेगा।
उत्तरकाशी: 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' और 'स्वच्छ भारत' अभियान के निमित्त गंगोत्री हिमालय की नई चोटी के आरोहण को कोलकाता (पश्चिम बंगाल) से आया महिलाओं का दस सदस्यीय दल रविवार को उत्तरकाशी से वासुकीताल के लिए लिए रवाना हुआ। यहां से दल समुद्रतल से लगभग 6200 मीटर ऊंची नई चोटी के आरोहण को अभियान शुरू करेगा और चोटी फतह करने के बाद उसका नामकरण भी करेगा। दल शनिवार शाम उत्तरकाशी पहुंचा था।
दल को उत्तरकाशी स्थित स्नो स्पाइडर ट्रैक एंड टूर के कार्यालय से टूर संचालक भागवत सेमवाल ने हरी झंडी दिखाई। सेमवाल ने बताया कि अभियान की थीम 'क्लीन हिमालय' और 'हम किसी से कम नहीं' है। दल गंगोत्री, भोजवासा, नंदनवन होते हुए समुद्रतल से 4992 मीटर की ऊंचाई पर स्थित बेस कैंप वासुकीताल पहुंचेगा।
यहां से नई चोटी के आरोहण को अभियान की शुरुआत होगी। सेमवाल ने बताया कि दल गंगोत्री हिमालय की राधानाथ चोटी फतह करने निकला था, लेकिन इनर लाइन से लगी होने के कारण गंगोत्री नेशनल पार्क प्रशासन से इसकी अनुमति नहीं मिली। ऐसे में दल ने वासुकीताल होते हुए एक नई चोटी के आरोहण का निर्णय लिया।
सेमवाल ने बताया कि यह चोटी गंगोत्रीधाम से करीब 40 किमी दूर और समुद्रतल से लगभग 6200 मीटर की ऊंचाई पर है। दल में दो गाइड, तीन स्टाफ और पांच पोर्टर भी शामिल हैं। अभियान में करीब दो सप्ताह का समय लगेगा। दल में महुआ विश्वास, सुजाता भट्टाचार्य, अमृता दास, सुप्रिया देई, लक्ष्मी घोष, स्वरूपा मोंदल, साथी, वंदना हलधर, उन्नति पांडेय और मोमिता घोष शामिल हैं।
टीम लीडर महुआ विश्वास ने बताया कि चोटी फतह कर हम समाज को यह संदेश देना चाहते हैं कि लड़कियां किसी से कम नहीं हैं। बताया कि दल वर्ष 2016 में सिक्किम की 6110 मीटर ऊंची किंचिंग खान चोटी और हिमाचल प्रदेश की 6593 मीटर ऊंची मनीराम चोटी का भी आरोहण कर चुका है।
यह भी पढ़ें: पश्चिमी बंगाल के पर्यटक दल ने फतह किया कालिंदी ट्रैक
यह भी पढ़ें: मेडिकल पर्वतारोही दल ने सतोपंथ पर फहराया तिरंगा
यह भी पढ़ें: छह बार एवरेस्ट फतह करने वाले भारत के पहले पर्वतारोही बने लवराज