विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 12, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Chardham Yatra 2024: शुरुआत में ही खुली पोल, यमुनोत्री मार्ग का वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस ने कसी कमर

Published: Sun, 12 May 2024 08:49 AM (IST)

Chardham Yatra 2024 यमुनोत्री धाम में संकरे पैदल मार्ग पार्किंग की कमी और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति से पहले दिन ही यात्रा व्यवस्थाओं की पोल खुली है। वहीं अब यमुनोत्री में बिगड़ी स्थिति को संभालने के लिए उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने भी यमुना घाटी में मोर्चा संभाला है। यात्रा की इस बदहाल व्यवस्था से तीर्थ यात्री खासे परेशान हैं।

Chardham Yatra 2024: यमुनोत्री पैदल मार्ग पर जाम के कारण स्थिति भयावह
Chardham Yatra 2024: यमुनोत्री पैदल मार्ग पर जाम के कारण स्थिति भयावह

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : Chardham Yatra 2024: यमुनोत्री धाम में संकरे पैदल मार्ग, पार्किंग की कमी और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति से पहले दिन ही यात्रा व्यवस्थाओं की पोल खुली है। गत शुक्रवार को यमुनोत्री पैदल मार्ग पर जाम के कारण स्थिति भयावह रही। जबकि शनिवार राष्ट्रीय राजर्ग्ग पर जगह-जगह तीर्थयात्री जाम में फंसे रहे।

यमुनोत्री में बिगड़ी स्थिति को संभालने के लिए उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने भी यमुना घाटी में मोर्चा संभाला है। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर स्थिति न बिगड़ इसके लिए विकासनगर से लेकर पालीगाड़ तक चार स्थानों पर तीर्थयात्रियों करीब चार-चार घंटे रोका जा रहा है।

यात्रा की इस बदहाल व्यवस्था से तीर्थ यात्री खासे परेशान हैं। गत शुक्रवार को हृदय गति रुकने और बेहोश होकर गिरने से दो तीर्थयात्रियों की भी मृत्यु हुई है। इनमें एक तीर्थयात्रा सागर मध्यप्रदेश और एक तीर्थयात्री उन्नाव उत्तरप्रदेश निवासी थे।

पहले दिन ही खुली यात्रा व्यवस्थाओं की पोल

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर जब तीर्थयात्री आता है तो वह सबसे पहले यमुनोत्री धाम की यात्रा के लिए पहुंचता है। शुक्रवार को गंगोत्री, केदारनाथ सहित यमुनोत्री धाम के कपाट भी खुले। परंतु यमुनोत्री धाम में यात्रा व्यवस्थाओं की पोल पहले दिन ही खुली। तीर्थयात्रियों को सबसे अधिक परेशानी जानकी चट्टी से लेकर यमुनोत्री धाम तक के पांच किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग पर झेलनी पड़ी।

यह पैदल मार्ग बेहद ही संकरा है, कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त भी है। यमुनोत्री धाम में तीर्थयात्रियों के खड़े होने, घोड़ा, डंडी-कंडी के लिए भी पार्किंग सही व्यवस्था नहीं है। इन अव्यवस्थाओं के चलते गत शुक्रवार को कपाट उद्घाटन में जो श्रद्धालु यमुनोत्री धाम पहुंचे, उन में अधिकांश श्रद्धालुओं ने सही ढंग से यमुना मां के दर्शन भी नहीं किए। भाजपा के नेता एवं रानाचट्टी निवासी संदीप राणा ने कहा कि यमुनोत्री पैदल मार्ग पर शुक्रवार की स्थिति भयावह थी। तीर्थयात्रियों को न सड़क पर सुविधा मिल रही है और न पैदल मार्ग पर।

यमुनोत्री यात्रा व्यवस्था अस्त-व्यस्त

यात्रा से पूर्व तैयारी करने के बजाय सभी विभाग मस्त रहे और अब यमुनोत्री यात्रा व्यवस्था अस्त-व्यस्त है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के अलावा यमुनोत्री मंदिर समिति भी कोई ठोस व्यवस्था नहीं कर पा रही है। सही ढंग से यमुनोत्री में तीर्थ यात्रियों को दर्शन की व्यवस्था नहीं की जारी है।

वर्षा तीर्थ यात्रियों को भीगना पड़ रहा है। घोड़ा, डंडी-कंडी संचालन की व्यवस्था तो चौपट है। संदीप कहते हैं कि वह शुक्रवार को यमुनोत्री धाम गए तो कई तीर्थयात्री रोने लग गए थे। इस अव्यवस्था के कारण बड़ी घटना घट सकती थी।

वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल

यमुनोत्री धाम में तीर्थयात्रियों की भीड़ का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ। यह वीडियो जानकी चट्टी से यमुनोत्री धाम के बीच का घोड़ा पड़ाव का है। इसमें बताया जा रहा है कि सरकार के प्रबंध न करने से स्थिति भयावह हो गईं और तीर्थयात्री खचाखक भीड़ की वजह से पूरे यात्रा मार्ग पर फंसे गए हैं।

इस मामले में उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि यह वीडियो जानकी चट्टी से यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग में घोड़ा पड़ाव का है। जो करीब पांच बजे का है। यह स्थिति सिर्फ 200 मीटर के दायरे में आई थी।

क्योंकि वर्षा अत्यधिक हो रही थी और स्थानीय देव डोली के जत्थे भी कपाट उद्घाटन के अवसर पर भारी संख्या में यमुनोत्री धाम पहुंचे थे। इसके अलावा साढ़े बारह हजार तीर्थयात्री भी यमुनोत्री धाम पहुंचे थे। एक साथ श्रद्धालुओं के इकट्ठा होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई।

शनिवार को तीर्थयात्रियों को एक साथ यमुनोत्री नहीं भेजा

यमुनोत्री धाम में शुक्रवार को फैली अव्यवस्था से सबक लेते हुए पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि शनिवार को तीर्थयात्रियों को एक साथ यमुनोत्री नहीं भेजा गया है। तीर्थयात्रियों वाहनों को थोड़े-थोड़े समय के लिए पालीगाड़ में रोका गया। इसके अलावा तीर्थयात्रियों की बड़ी बसों को कुछ समय के लिए विकासनगर में भी रोकने के लिए कहा गया है। जिससे यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।