यात्रा से पहले पूरा करें पुल का निर्माण: रावत
जानकी चट्टी से यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भंडेली गाड़ के पास वैकल्पिक मार्ग का यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने स्थलीय निरीक्षण किया।
संवाद सूत्र, बड़कोट: जानकी चट्टी से यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भंडेली गाड़ के पास वैकल्पिक मार्ग का यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही वैकल्पिक मार्ग और पुल निर्माण को चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सुचारू करने के निर्देश दिए।
जानकी चट्टी से यमुनोत्री की तरफ लगभग ढाई किलोमीटर दूरी पर भंडेली गाड़ में पहाड़ी से हुए भूस्खलन से बीते साल पैदल मार्ग एवं पुल पूरी तरह तबाह हो गया था, जिससे यमुनोत्री धाम यात्रा को भी रोकना पड़ा था। साथ ही ऋषि गंगा के जल प्रवाह के रुकने की भी आशंका व्यक्त की गई थी। भंडेली गाड़ में इन दिनों लोनिवि पैदल मार्ग तथा पुल निर्माण का कार्य किया जा रहा है। मंगलवार को यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने भंडेली गाड़ में हो रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि भंडेली गांड में बीते साल रॉक स्लाइडिग के कारण जो पैदल मार्ग व पुल क्षतिग्रस्त हुआ था, उसके लिए तत्काल आपदा मद से प्रदेश सरकार ने धनराशि मुहैया कराई। अब इस पर लगातार कार्य किया जा रहा है, जिससे पैदल मार्ग तैयार होने के बाद देश-विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए आवागमन सुगम हो सकेगा। उन्होंने इस मौके पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता को यात्रा शुरू होने से पहले पुल निर्माण और पैदल मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर यमुनोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष/एसडीएम चतर सिंह चौहान ने कहा कि यमुनोत्री मार्ग पर निर्माण कार्य गतिमान है तथा यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से पूर्व सभी यात्रा व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी। लोनिवि के अधिशासी अभियंता सुरेश तोमर ने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग पर खड़ंजा बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है तथा अब सीसी का कार्य किया जाएगा। वहीं पुल निर्माण का कार्य 28-30 अप्रैल तक पूरा हो जाएगा और 30 अप्रैल के बाद पुल पर वाहनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।