टैंपो चालक ने किशोर को कुचला, मौत
संवाद सूत्र पुरोला थाना पुरोला क्षेत्र के अंतर्गत एक टैंपो चालक ने एक किशोर को कुचल डाला
संवाद सूत्र, पुरोला: थाना पुरोला क्षेत्र के अंतर्गत एक टैंपो चालक ने एक किशोर को कुचल डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टैंपो चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। देर शाम को पुलिस ने चालक को उसके घर से ही गिरफ्तार किया। किशोर 10वीं के पेपर दे रहा था और 27 मार्च को अंतिम पेपर होना था।
नौगांव ब्लाक के पौंटी गांव निवासी साहिल (15) पुत्र स्व. राजकुमार होली की छुट्टी के लिए ननिहाल पुरोला गया था। बुधवार की देर शाम को साहिल ननिहाल से बाजार की ओर आ रहा था। पुरोला गुंदियाट गांव मार्ग पर नागराजा मंदिर के पास एक टैंपो ने साहिल को कुचल दिया। टैंपो चालक जयपाल सिंह पुत्र बर्फ सिंह, निवासी बसंतनगर पुरोला वहां से भाग निकला। इस घटना पर स्थानीय लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया तथा चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। बाद में पुलिस ने जयपाल को उसी के घर से गिरफ्तार किया। बता दें कि साहिल अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ा तथा दो बहनों का इकलौता भाई था। साहिल राजकीय इंटर कालेज बड़कोट से 10वीं के पेपर दे रहा था। 27 मार्च को साहिल का सामाजिक विज्ञान का पेपर होना था। साहिल के पिता राजकुमार की चार माह पहले ही मौत हुई थी।