उत्तरकाशी जिले के आराकोट पीएचसी के पुराने भवन में भीषण आग, सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की दुखद मौत
पुरोला के मोरी प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आराकोट के पुराने भवन में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई, ...और पढ़ें
HighLights
आराकोट पीएचसी के पुराने भवन में देर रात लगी आग।
सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की आग में जलकर मौत।
तीन अग्निशमन टीमों ने कड़ी मशक्कत से आग बुझाई।
संवाद सूत्र जागरण, उत्तरकाशी। मोरी प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आराकोट के पुराने भवन में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से भवन जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से वर्षों से भवन में रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की दर्दनाक मौत हो गई।
आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने त्यूणी, मोरी एवं हिमाचल के रोहडू से पहुंची अग्निशमन की तीन टीम व पुलिस प्रशासन की टीम ने भी कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन तक तक एएनएम की मौत हो चुकी थी।
घटना मंगलवार देर रात की है, जब आराकोट के पुराने स्वास्थ्य केंद्र में अचानक आग लगने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई।आग लगने की सूचना पर पुलिस ने मोरी, त्यूणी व पड़ोसी क्षेत्र रोहड़ू से अग्निशमन सेवा को सूचना दी था बड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन की तीन टीमों ने आग पर काबू पाया।
दुखद घटना यह रही कि आग की चपेट में आने से वर्षों से पुराने स्वास्थ्य भवन में रह रही एएनएम पार्वती जैन की दर्दनाक मौत हो गई। सामाजिक कार्यकर्ताओं मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि जैन माता वर्षों पूर्व सेवानिवृत्त हो गई थी, तब से अकेले ही पुराने स्वास्थ्य भवन में रहती थी।
पार्वती जैन देहरादून आराघर की बताई जा रही है, उनकी एक मुंह बोली बेटी कभी कभार मिलने भी आती थी। थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि पार्वती जैन, उसी कमरे में रहती व सोती थी व कमरे में लकड़ी से ही खाना बनाती थी तथा संभावना है कि खाना बनाते समय लकड़ी से आग लगी हो, महिला के घर पर एक भतीजा है, सूचना दे दी गई है, जो देहरादून से आ रहे हैं।
