विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तरकाशी: बर्फबारी के चलते उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे 136 पर्वतारोही और ट्रेकर्स, शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

Published: Mon, 28 Sep 2026 07:43 AM (IST)

उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण 136 पर्वतारोही और ट्रेकर्स फंस गए हैं। जिला प्रशासन ने इन ...और पढ़ें

HighLights

  1. उच्च हिमालय में 136 पर्वतारोही व ट्रेकर्स फंसे।

  2. जिला प्रशासन ने बचाव कार्य तेज किए, टीमें सक्रिय।

  3. स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर, चिकित्सा सुविधाएँ तैयार की गईं।

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। मौसम बदलने से बर्फबारी के बीच उच्च हिमालयी क्षेत्रों में करीब 136 पर्वतारोही व ट्रेकर्स फंसने की सूचना है, जिसमें हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के अंतर्गत कुल 89 तथा हाई अल्टीट्यूड ट्रेकिंग श्रेणी के कालिंदीपास बेस कैंप पर 18 और आडिन काेलपास बेस कैंप में 29 सदस्य शामिल हैं। जिला प्रशासन की ओर से उच्च हिमालय में फंसे सभी ट्रेकर्स व पोर्टरों को सुरक्षित लाने के लिए कवायद तेज कर दी गई है।

रविवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने इस संबंध में आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों के साथ बैठक कर बर्फबारी के बाद ट्रेकिंग व पर्वतारोहण के लिए गए ट्रेकर्स व पाेर्टरों की सुरक्षा को लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं। विभिन्न ट्रेकिंग रूटों और बेस कैंपों में मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए राहत एवं बचाव टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

मौसम की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने ट्रैकर्स के लिए राशन, पैक्ड फूड और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखने के साथ स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। चिकित्सकों की टीमें, जरूरी दवाइयां और एंबुलेंस को समीपवर्ती स्थानों पर तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी भी ट्रैकर को तत्काल उपचार मिल सके।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कुल 136 पर्वतारोही, ट्रैकर एवं सहयोगी स्टाफ मौजूद हैं। वहीं, बेहतर समन्वय और मौके पर व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र हर्षिल के लिए रवाना हो गई हैं।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित टीमों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में एसपी कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जय भारत सिंह, सीएमओ श्याम विजय, एसडीएम शालिनी नेगी, एसई लोनिवि विजय कुमार, डीडीएमओ शार्दुल गुसाईं आदि रहे।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंंड में आफत बनी बारिश: चारधाम यात्रा रुकी, देहरादून-उत्तरकाशी में भारी बरसात का यलो अलर्ट