फैक्ट्री में छत से गिरा श्रमिक, मौत
खटीमा फाइबर्स फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह काम करने के दौरान छत से गिरकर श्रमिक की मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, खटीमा : खटीमा फाइबर्स फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह काम करने के दौरान छत से गिरकर श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को डेढ़ लाख की आर्थिक मदद व पुत्र को नौकरी देने का भरोसा दिया है।
पुलिस के अनुसार भूड़ाकिसनी गांव के 50 वर्षीय दयाकिशन लोहियाहेड रोड स्थित फाइबर्स फैक्ट्री में काम करते थे। शुक्रवार सुबह फैक्ट्री में करीब 30 फुट ऊंची चादरों पर चढ़कर साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान चादर टूटने से नीचे गिर गया। नीचे गिरने के दौरान वह लोहे की वस्तु से टकरा गया। प्रबंधन ने नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अरविंद चौधरी ने बताया कि मृतक फैक्ट्री में दैनिक वेतनभोगी के रूप में काम करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी व एक बेटा है। इधर, फैक्ट्री के एचआर हेड एलएस चम्याल ने बताया कि फैक्ट्री की ओर से मृतक के परिजनों को डेढ़ लाख की आर्थिक मदद, पत्नी को पेंशन व पुत्र को नौकरी दी जाएगी।