यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 11, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
महिलाएं संभाल रही अब नशीले पदार्थो की तस्करी की कमान
रुद्रपुर में पुलिस व एंटी ड्रग टास्क फोर्स के लगातार कसते शिकंजे के कारण नशा तस्कर नित नई योजना बना रहे हैं।

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : पुलिस व एंटी ड्रग टास्क फोर्स के लगातार कसते शिकंजे के कारण नशा तस्कर नित नई योजना बना रहे हैं। सेफ डिलीवरी के लिए वह पैसे का लालच देका दंपती को नशीले पदार्थो की तस्करी के दलदल में धकेल रहे हैं। इसके पहले भी महिलाएं नशीले पदार्थो की तस्करी में पकड़ी गई हैं।
पिछले चार वर्ष में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर नशे की कमर तोड़ने का काम किया है। इससे नशे के डिलीवरी के लिए नए लोगों को आगे लाकर तस्करी कराने में लग गए है, जिससे पुलिस और एडीटीएफ की आंखों में धूल झोंक सके। उनका कोई आपराधिक रिकार्ड न होने के कारण वह आराम से पुलिस की नजर से बच जाते हैं। नशे के तस्कर परिवार की मजबूरी का लाभ उठा कर उन्हें रुपये का लालच देकर तस्करी कराने के लिए मजबूर करते है। रुद्रपुर के दंपती के पकड़े जाने के बाद एंटी ड्रग टास्क फोर्स को नशा तस्करी से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे है। सूत्रों की मानें तो एडीटीएफ जल्द नशा तस्करी में लिप्त बड़े सौदागर को पकड़ नशे के कारोबार में लगे सौदागरों की कमर तोड़ने का काम कर सकती है।
-----------
केस-1
पति के बाद पत्नी ने संभाली कमान
नशीले पदार्थो के कारोबार में पुलभट्टा थाने में महिला रीना खान भी पकड़ी जा चुकी है। पहले वर्ष, 2018 में उसके पति आशू खान को पुलिस ने पकड़ा था। उसके जेल जाने के बाद उसकी पत्नी रीना ने कमान संभाल ली थी, लेकिन पुलिस की नजरों से वह बच नहीं पाई और अगस्त, 2019 में पुलिस ने उसे भी स्मैक के साथ पकड़ कर जेल भेज दिया था। केस-2
युवक संग पकड़ी युवती
पुलभट्टा पुलिस ने कालाढूंगी हल्द्वानी निवासी शालिनी उर्फ शालू पुत्री सुंदर लाल को उसके युवक मित्र के साथ तस्करी करते मई, 2020 में पुलिस ने पकड़ा था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।