पेटभर खाना, दूध से भर रहे सेहत का खजाना
गदरपुर में विलेज क्वारंटाइन सेंटर में भोजन और बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था ग्राम प्रधान कर रही हैं।
संवाद सूत्र, गदरपुर : विलेज क्वारंटाइन सेंटरों का जिक्र आते ही बदहाली की तस्वीर सामने आती है। भोजन की व्यवस्था कौन कहे पानी को भी तरसते लोग दिखते हैं। चलिए..इन नकारात्मक बातों से जी भर गया हो तो एक बार ग्राम सभा रोशनपुर तोतेवाला का रुख करते हैं। यहां घर जैसा भोजन के साथ रात में पीने के लिए दूध भी मुहैया हो रहा है। असल में ग्राम प्रधान ने सरकारी इमदाद का इंतजार न करते हुए अपने पैसे से ही व्यवस्था की है।
रविवार को गदरपुर ब्लॉक से दस किलोमीटर दूर ग्राम सभा रोशनपुर तोतेवाला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बने विलेज क्वारंटाइन सेंटर का जागरण टीम ने रुख किया। रात में गेट पर ताला लगा था। गेट के अंदर सात प्रवासी थे। थोड़ी देर में ग्राम प्रधान सुनीता आर्य पहुंचीं और ताले को सैनिटाइज कर खुलवाया। भीतर 15 मई को हरियाणा के रेवाड़ी से आए रणजीत सिंह, सोनू सिंह, पिकी कौर, कुलवंत सिंह, सोमा कौर, बब्बू सिंह, अमनदीप सिंह मिले। सभी को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया गया है।
सभी ने बताया कि उनका घर सात किलोमीटर दूर है। नाव से आना-जाना पड़ता है। इसलिए परिजन यहां खाना देने नहीं आ पाते। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान ने टेंट हाउस से किराये पर 15 गद्दे मुहैया कराए हैं। खाने का पूरा राशन दिया है। हम लोग खुद ही बनाकर खाते हैं। शाम को दूध भी मिल जाता है। ऐसे में कोई दिक्कत नहीं होती।
...............
प्रवासियों के आने से पहले पूरे स्कूल को सैनिटाइज किया गया। तीन दिन के बाद सभी की जांच भी की जाती है। हमारी कोशिश प्रवासियों को पूरी सुविधा मैया कराने की है।
-सुनीता आर्य, ग्राम प्रधान
..............
इस दौर में जो ग्राम प्रधान अच्छा कार्य कर रहे हैं, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इस महामारी में सभी को जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। को आगे आना चाहिए।
-एपी वाजपेयी, उपजिलाधिकारी