धान रोपाई को कर्नाटक गई उत्तराखंड की ललिता, सांप के काटने से मौत... सवा लाख रुपये में मिली एंबुलेस
कर्नाटक में धान की पौध लगाते समय उत्तराखंड की एक महिला ललिता मंडल को जहरीले सांप ने डस लिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

ललिता मंडल. File Photo

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, दिनेशपुर । धान की पौध लगाने कर्नाटक गई सुंदरपुर गांव निवासी एक महिला को मैसूर में खेत में धान की पौध लगाने के दौरान जहरीले सांप ने डस लिया।
हालत बिगड़ने पर साथी मजदूर उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। जिसके बाद सवा लाख रुपये का फ्रीज एंबुलेंस कर शव दिनेशपुर लाया गया।
जहरीले सांप ने डसा
सुंदरपुर गांव से मजदूरों का एक समूह धान की पौध लगाने के लिए कर्नाटक गया हुआ था। इसी समूह में गांव निवासी 40 वर्षीय ललिता मंडल भी अपने पति तारक मंडल के साथ मैसूर गई थीं। गुरुवार को खेत में धान की पौध लगाते समय ललिता को जहरीले सांप ने डस लिया।
यह भी पढ़ें- सांप काटने से बच्ची की मौत के बाद अररिया में बवाल, सिकटी CHC से भागे डॉक्टर-स्वास्थ्यकर्मी
कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ गई। साथी मजदूर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद स्वजन ने करीब सवा लाख रुपये में एंबुलेंस बुक कर उनका शव गांव लाने की व्यवस्था की।
शनिवार को शव सुंदरपुर पहुंचते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंच गए। देर शाम गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ललिता मंडल अपने पीछे पति समेत तीन बच्चों को छोड़ गई हैं। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है। महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
