Uttarakhand: दुष्कर्म के मामले में ऊधम सिंह नगर टॉप पर, डकैती के मामले में हरिद्वार, अधिकारी से प्राप्त सूचना
काशीपुर पूरे प्रदेश में सबसे अधिक दुष्कर्म के मामले ऊधम सिंह नगर जिले में दर्ज हुए हैं। यह निष्कर्ष सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीमउद्दीन को पुलिस मुख्यालय की ओर से उपलब्ध सूचना से निकला है। प्रदेश भर में वर्ष 2022 में 1321 गंभीर अपराध दर्ज हुए हैं।
जागरण संवाददाता, काशीपुर : पूरे प्रदेश में सबसे अधिक दुष्कर्म के मामले ऊधम सिंह नगर जिले में दर्ज हुए हैं। यह निष्कर्ष सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीमउद्दीन को पुलिस मुख्यालय की ओर से उपलब्ध सूचना से निकला है।
प्रदेश भर में वर्ष 2022 में 1321 गंभीर अपराध दर्ज हुए हैं। इसमें 872 दुष्कर्म, 19 डकैती, 170 लूट, 187 हत्या, तीन फिरौती के लिये अपहरण तथा 70 दहेज हत्या के अपराध शामिल हैं। इनमें से दुष्कर्म की बात करें तो सबसे अधिक 247 मामले ऊधम सिंह नगर, दूसरे नंबर पर 229 मामले हरिद्वार और तीसरे स्थान पर 184 मामले देहरादून में दर्ज हुए हैं। सबसे कम एक मामला रुद्रप्रयाग जिले में दर्ज हुआ है। अन्य जिलों में नैनीताल में 103, अल्मोड़ा में 16, पिथौरागढ़ में 17, बागेश्वर में 10, चंपावत में 7, उत्तरकाशी में 13, टिहरी गढ़वाल में 15, चमोली में 9 तथा पौड़ी गढ़वाल जिले में 20 अपराध दर्ज हुये हैं।
रेलवे पुलिस (जीआरपी) में भी एक अपराध प्रकाश में आया है। सर्वाधिक हत्याएं भी ऊधम सिंह नगर में सबसे गंभीर माना जाने वाले अपराध हत्या के भी कुल 187 अपराध हुये है। जिसमें सभी 13 जिलों के अपराध शामिल है। सर्वाधिक 49 हत्याएं उधमसिंह नगर जिले तथा दूसरे स्थान पर 39 हरिद्वार तथा तीसरे स्थान पर 34 देहरादून जिले में हुई हैं। सबसे कम 1 हत्या का अपराध चमोली जिले में हुआ है। अन्य जिलों में 22 नैनीताल, 2 अल्मोड़ा, 4 पिथौरागढ़, 5 बागेश्वर, 4 चम्पावत, 6 उत्तरकाशी, 3 टिहरी गढ़वाल, 4 रुद्रप्रयाग, 14 पौड़ी गढ़वाल जिले में हत्या के अपराध शामिल है।
डकैती के मामले सबसे ज्यादा हरिद्वार में दर्ज
डकैती के 19 अपराध वर्ष 2022 में उत्तराखंड के केवल पांच जिलों में हुये हैं। इसमें सर्वाधिक 8 हरिद्वार, 5 उधमसिंह नगर, 4 देहरादून तथा 1-1 नैनीताल व अल्मोड़ा में हुये हैं। लूट के 170 अपराध 9 जिलों में हुये हैं। इसमें सर्वाधिक 62 देहरादून, 40 उधमसिंह नगर, 37 हरिद्वार, 19 नैनीताल, 3-3 अल्मोड़ा व पिथौरागढ़ तथा जी.आर.पी, 1-1 बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, चमोली जनपद में हुये हैं।
केवल ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार में अपहरण के मामले
फिरौती के लिए अपहरण के तीन अपराध उत्तराखंड के केवल दो जिलों में हुये है। इसमें दो ऊधम सिंह नगर तथा एक हरिद्वार जनपद का अपराध शामिल है। दहेज हत्या के 70 अपराध उत्तराखंड के नौ जिलों में हुये हैं। इसमें सर्वाधिक 24 उधमसिंह नगर, 20 हरिद्वार, 9 नैनीताल, 8 देहरादून, 3-3 पिथौरागढ़ व टिहरी गढ़वाल, 1-1 बागेश्वर, चम्पावत तथा पौड़ी गढ़वाल में हुये हैं।