Uttarakhand: पूर्व सीएम हरीश रावत ने सरकार पर बोला हमला, नए संसद के मामले राष्ट्रपति की अनदेखी का लगाया आरोप
सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र को तार तार कर दिया है। पीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के सवालों को छोड़ कर भाजपा अपने अहंकार में डूबी है।
काशीपुर, जागरण संवाददाता: सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र को तार तार कर दिया है। सारी लोकतांत्रिक मर्यादा नष्ट कर दी है। नए संसद भवन का उद्घाटन देश की सर्वोच्च पद पर आसीन राष्ट्रपति जी से न कराकर संवैधानिक मूल्यों का अपमान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह गंभीर मसला है। इशारों-इशारों पर पीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के सवालों को छोड़ कर भाजपा अपने अहंकार में डूबी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास जनता के लिए सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं है। अगर है तो कुछ जुमले हैं कुछ भाषण है और इनसे जनता का भला नहीं होने वाला।
वे काशीपुर में आयोजित कांग्रेस से जुड़िए पदयात्रा में शुक्रवार को हरदा शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा राज में विकास पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। सड़क बिजली पानी स्वास्थ्य शिक्षा आदि सभी जन सुविधाओं से आम जन महरूम है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस से जुड़िये पदयात्रा का उद्देश्य लोकतांत्रिक देश और कांग्रेस को मजबूत करने के लिए निकाली जा रही है। देश में प्रेम और भाईचारे, आंबेडकर के सिद्धांतों को मजबूत करने के लिए ये यात्रा निकाली जा रही है। पूरे प्रदेश में अनेक जगहों पर ये यात्रा निकाली जाएगी। राज्य में 58 स्थानों पर ये यात्रा निकाली जाएगी। काशीपुर में तीसरी कांग्रेस से जुड़िये पदयात्रा है। स्थानीय निकाय चुनावों में संगठन ने बड़ी मजबूती से सभी शहर व जिला कांग्रेस की इकाइयों ने तैयारी की है। उन्होंने दावा किया कि आगामी निकाय चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस के साथ खड़े होकर एक स्पष्ट संदेश देगी और कांग्रेस को विजय प्राप्त होगी।
किला मोहल्ला से शुरू हुई पदयात्रा की शुरुआत
काशीपुर के ऐतिहासिक किला मोहल्ला से कांग्रेस से जुड़िये पदयात्रा की शुरुआत हुई। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पहुंचने पर स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने उन पर पुष्प वर्षा कर नारों के साथ उनका स्वागत किया।
इस दौरान कांग्रेस की इस पदयात्रा में शामिल कांग्रेस नेताओं में मनोज जोशी एडवोकेट, पूर्व नगर अध्यक्ष संदीप सहगल,संजय चतुर्वेदी, अरुण चौहान,उमेश जोशी एडवोकेट, हरीश कुमार सिंह एडवोकेट, रवि ढींगरा, पूर्व पार्षद अब्दुल कादिर, अर्पित मेहरोत्रा, दीपक गुप्ता, सुभाष चन्द्र पाल, जयसिंह गौतम, आशीष बाबी, अलका पाल, अजीता शर्मा, शफीक अहमद अंसारी, विकल्प गुड़िया, नितिन कौशिक आदि शामिल थे।