स्वच्छता सर्वेक्षण 2026: सीएम धामी के गृह जनपद ऊधम सिंह नगर ने रचा इतिहास, रुद्रपुर बना नंबर वन
ऊधम सिंह नगर जिले ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिसमें रुद्रपुर नगर निगम को 'क्लीन हिमालयन सिटी' श्रेणी में प्रथम स्थान मिला है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली में आयोजित समारोह में रुद्रपुर और काशीपुर के महापौरों को सम्मानित किया, जिससे मुख्यमंत्री धामी के गृह जनपद का गौरव बढ़ा।
HighLights
रुद्रपुर को क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में प्रथम रैंक मिली।
काशीपुर नगर निगम ने प्रदेश में सर्वाधिक स्वच्छता स्थान पाया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महापौरों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर ने परचम फहरा कर बड़ा संदेश दिया है। नगर निगम रुद्रपुर ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में प्रथम रैंक प्राप्त की है तो इसी जिले के नगर निगम काशीपुर को प्रदेश में सर्वाधिक स्वच्छता वाले शहरों में पहला स्थान मिला है।
नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा और काशीपुर के महापौर दीपक वाली को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह जनपद ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ाया है।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के मूल्यांकन में हिमालयी राज्यों के क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में प्रथम स्थान पाने वाले रुद्रपुर नगर निगम में मूल्यांकन का आधार सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई के साथ ही संपूर्ण स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, नागरिक सहभागिता और सफाई व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन को रखा गया था।
क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में अव्वल इस शहर के मूल्यांकन में इस बात को मॉडल माना गया है कि शहर में स्वच्छता को एक व्यापक व्यवस्था के रूप में आगे बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं। इसके अंतर्गत घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण एवं निस्तारण तथा खुले में कूड़ा डालने की प्रवृत्ति पर नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मानकों पर बहुत तेजी से काम हो रहा है। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, सामुदायिक क्षेत्रों और अन्य प्रमुख स्थानों की स्वच्छता, नागरिकों की सहभागिता, स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता तथा सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण को भी श्रेष्ठ माना गया है।
नगर निगम के कार्यों के दस्तावेजीकरण, अभिलेखों और जमीनी स्तर पर उनके सत्यापन को सर्वश्रेष्ठ बताया गया है। दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय सचिव सत्येंद्र सिंह, केंद्रीय सचिव दीपा धारा के साथ ही रुद्रपुर नगर निगम की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडेय व काशीपुर नगर निगम के आयुक्त रविंद्र बिष्ट भी इस दौरान मौजूद रहे।
औद्योगिक नगरी रुद्रपुर में निकलता है प्रतिदिन 100 मीट्रिक टन कूड़ा
कुमाऊं की औद्योगिक राजधानी के नाम से पुकारे जाने वाले ऊधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर में सिडकुल भी है। जिसके चलते स्थानीय आबादी के साथ लाखों श्रमिक भी यहां अस्थाई रूप से निवास करते हैं। नगर निगम क्षेत्र की वर्तमान में आबादी करीब ढाई लाख आंकी जाती है। नगर निगम की सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल के अनुसार निगम क्षेत्र से प्रतिदिन करीब सौ मीट्रिक टन कूड़ा जनरेट होता है। जिसका अलग-अलग तरीके से निस्तारण किया जाता है।
देवभूमि को गौरवान्वित करने वाली यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास का फल : महापौर शर्मारुद्रपुर नगर निगम को मिली इस बड़ी उपलब्धि पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि हिमालयी राज्यों में रुद्रपुर नगर निगम को प्रथम पुरस्कार मिलना देवभूमि उत्तराखंड के लिए गौरवांन्वित करने वाला है। यह सम्मान उन सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दिया है। स्वच्छता किसी एक विभाग अथवा व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नगर निगम रुद्रपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर 467वी रैंक से छलांग लगाकर 169 वीं रैंक हासिल की थी। इस बार हिमालय राज्यों में प्रथम रैंक हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से नगर निगम की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान को बनाए रखने के साथ ही स्वच्छता के मानकों को और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर काम किया जाएगा। शहर के प्रत्येक वार्ड, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रयासों को और गति दी जाएगी।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से रुद्रपुर के सर्वांगीण विकास और स्वच्छता व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में जो कार्य हो रहे हैं, उनसे नगर निगम को भी नई ऊर्जा और दिशा मिल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।