उधमसिंह नगर: PAC में रिक्रूट की संदिग्ध हालात में मौत, गले के आर-पार हुआ स्टील मग का टुकड़ा
उधमसिंह नगर में 46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आतिशबाजी के ...और पढ़ें

मृतक रिक्रूट विष्णु कुमार
HighLights
उधमसिंह नगर में रिक्रूट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
गले से आर-पार हुआ स्टील मग का टुकड़ा
सीबीआई जांच की उठी मांग
जागरण संवाददाता, उधमसिंह नगर। 46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया सुतली बम के ऊपर स्टील का मग रखकर फोड़ने के दौरान मग का टुकड़ा उसके गले के आर-पार होने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, शरीर पर बने घाव और चोट के निशानों को देखकर स्वजन ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि चोट के निशान हादसे की बताई जा रही वजह से मेल नहीं खाते। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर स्वजन जंतर-मंतर से चर्चा में आए उत्तराखंड पुलिस के पूर्व कांस्टेबल शेर सिंह के साथ रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरिद्वार जिले के पथरी क्षेत्र के बदरपुर निवासी मांगीराम मजदूरी करते हैं। उनके दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। 22 वर्षीय विष्णु कुमार तीसरे नंबर का था। पुलिस में भर्ती होने के बाद वह 26 अप्रैल से 46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा था।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह विष्णु अपने साथी रिक्रूट के साथ बैरक के पास आतिशबाजी कर रहा था। इस दौरान उसने एक सुतली बम के ऊपर स्टील का मग रख दिया। बम फटने के साथ ही मग भी विस्फोट के प्रभाव से टूट गया। उसका एक टुकड़ा तेजी से विष्णु के गले के आर-पार हो गया।
गंभीर रूप से घायल होकर वह मौके पर ही गिर पड़ा। यह देख साथी रिक्रूट में अफरातफरी मच गई। सूचना पर 46वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक पंकज भट्ट और एसपी सिटी प्रमोद कुमार पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। घायल विष्णु को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन रुद्रपुर पहुंचे और घटना की परिस्थितियों पर संदेह जताया।
स्वजन का कहना था कि विष्णु के शरीर पर बना छेद और चोट के निशान कई सवाल खड़े कर रहे हैं। यदि पटाखा फटने से स्टील के मग का टुकड़ा गले के आर-पार हुआ है तो चोट के निशान भी उसी अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कराने की मांग की, ताकि वहां की परिस्थितियों को देखकर घटना की वास्तविकता समझी जा सके।
पूर्व कांस्टेबल शेर सिंह के साथ पहुंचे स्वजन ने कहा कि उन्हें पुलिस से कोई व्यक्तिगत शिकायत या मतभेद नहीं है, लेकिन मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। किसी भी तरह की आशंका दूर करने और मौत की वास्तविक वजह सामने लाने के लिए उन्होंने सीबीआई जांच की मांग की।
डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम, होगी वीडियोग्राफी
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सुतली बम के ऊपर स्टील का मग रखा गया था। विस्फोट के दौरान मग का एक टुकड़ा रिक्रूट के गले के आर-पार हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।