रोजाना छह घंटे पढ़ने के बाद टॉपर बनीं प्रथा
जैनेसिस इंटर नेशन स्कूल की सीबीएसई इंटर की प्रथा विश्नोई ने रोजाना छह घंटे की पढ़ाई करने के बाद जिले में सर्वोच्च स्थान हासिल किया।
शौकत राही जसपुर
जैनेसिस इंटर नेशन स्कूल की सीबीएसई इंटर की प्रथा विश्नोई ने रोजाना छह घंटे पढ़ाई कर जिले में सर्वोच्च मुकाम पाया है। प्रारंभ में ही उन्होंने अपना लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। उनकी सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं, शिक्षकों ने मेधावी को आर्शीवाद दिया है। मूल रूप से उप्र के जनपद मुरादाबाद के कस्बा ठाकुरद्वारा के गांव पान्नोवाला निवासी प्रथा विश्नोई ने अंग्रेजी, अकाउंटेंसी, अर्थशास्त्र व बिजनेस मैनेजमेंट विषय में सौ फीसद अंक हासिल किए हैं। जबकि फिजिकल एजुकेशन में 97 अंक प्राप्त किए हैं। प्रथा के पिता ब्रजेश विश्नोई किसान व मां ग्रहणी हैं। प्रथा बताती हैं कि हाईस्कूल में 95 फीसद अंक प्राप्त करने पर ही उन्होंने इंटर में सर्वोच्च स्थान हासिल करने का लक्ष्य बना लिया था। इसके लिए जसपुर में अपने चाचा के घर रहकर ही उन्होंने पढ़ाई की। उन्होंने आइएएस अधिकारी बनने का लक्ष्य रखा है। प्रथा कहती है कि वह टिकटॉक, फेसबुक आदि का प्रयोग नहीं करती है। परिवार में सबसे बड़ी प्रथा का एक छोटा भाई है। दादा, पिता और परिजनों ने उसे हमेशा पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। उसने अपनी सफलता पर परिजन, शिक्षक एवं सहपाठियों का धन्यवाद किया है।