किशोर ने फांसी लगाने का किया प्रयास
चाचा के साथ रहने वाले किशोर ने फांसी लगा आत्महत्या का प्रयास किया।
जासं, रुद्रपुर : चाचा के साथ रहने वाले किशोर ने फांसी लगा आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों की मदद से उसे बचाया। साथ ही उसे समझाने के बाद पुलिस चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी के समक्ष पेश करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक ट्रांजिट कैंप निवासी 15 वर्षीय किशोर अपने भाई बहनों सहित चाचा के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि उसकी मां और पिता की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। तब से बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उसके चाचा ने ले ली। बुधवार शाम अचानक किशोर ने कमरे में फंदा बना आत्महत्या का प्रयास किया। किशोर के चाचा और आसपास के लोगों ने पुलिस के 100 नंबर पर सूचना दी। ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष विद्यादत्त जोशी पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और किशोर को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस दौरान किशोर ने अपने चाचा पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। जबकि पुलिस को चाचा ने बताया कि वह आसपास के लोगों के बहकावे में आ आरोप लगा रहा है। वह और भी बच्चों को पाल रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोर की काउंस¨लग को चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी के समक्ष पेश किया जाएगा।