रक्षाबंधन से पहले मिलावटी मिठाइयों पर बड़ी कार्रवाई, छेना में मिले कीड़े, सुल्तानपुर पट्टी में नकली मावा बरामद
सुल्तानपुर पट्टी में मिठाई कारखाने पर छापे के दौरान मिल्क पाउडर और रिफाइंड से बना नकली मावा व मिठाइयां बरामद ...और पढ़ें
HighLights
सुल्तानपुर पट्टी में मिठाई कारखाने पर खाद्य विभाग का छापा।
मिल्क पाउडर, रिफाइंड से बना नकली मावा, मिठाइयां बरामद।
50 किलो कीड़े-युक्त खोया नष्ट, एक लाख जुर्माना।
जागरण संवाददाता, (बाजपुर/सुल्तानपुर पट्टी) उधममसिंह नगर। रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजार में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम ने मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
मंगलवार को उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में मिठाई की दुकानों और एक निर्माण स्थल पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार नकली मावा व उससे बनी मिठाइयां बरामद की गईं।
उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में अभियान चलाया गया। सबसे पहले उत्तराखंड स्वीट्स पर छापेमारी की गई। यहां कीड़े-मकौड़ों से युक्त करीब 50 किलो खोया व छैना से बनी मिठाइयां मिलीं। इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खोये के नमूने लेने के साथ ही गंदगी को लेकर चालान की कार्रवाई की गई। इसके बाद कुलदीप गुप्ता स्वीट्स पर छापेमारी की गई। यहां मिल्क पाउडर और रिफाइंड मिलाकर नकली मावा तैयार किया जा रहा था।

दुकान संचालक ने भी पूछताछ के दौरान मिल्क पाउडर और रिफाइंड से नकली मावा तैयार करने की बात स्वीकार की। टीम को मौके से करीब 80 किलो मिलावटी खोया, 40 किलो मिलावटी बर्फी और करीब डेढ़ कुंतल मिलावटी केक-लौज बरामद हुआ।
दुकान संचालक ने इन्हें स्वेच्छा से नष्ट करने की सहमति दी, जिसके बाद सैंपलिंग कराकर तैयार मिठाइयों और मावे को नष्ट कराया गया। मामले में एक लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग की ओर से अन्य कार्रवाई अलग से करने की बात कही गई है।
कार्रवाई में तहसीलदार बाजपुर प्रताप सिंह चौहान, सहायुक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ललित मोहन पांडे , राजस्व निरीक्षक कृपाल राठौर, सतपाल बाबू, राजस्व उपनिरीक्षक आकाश सैनी समेत खाद्य विभाग की टीम मौजूद रही। उपजिलाधिकारी ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नकली मावे से वनी मिठाई नष्ट की गई है तथा विभाग की ओर से जुर्माना लगाया जा रहा है। जांच में जानकारी मिली है कि बाहरी क्षेत्र से रिफाईड व मिल्ड पाडडर से बने मावे के पदार्थ दुकानों पर आ रहे हैं, जिसके चलते कार्रवाई को आगे भी जारी रखा जाएगा। लालच में मानव जीवन से खिलवाड करने बालों पर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-ऋचा सिंह एसडीएम
बिना लायसेंस मिठाई का निर्माण करना खुले में मिठाई बेचना गलत पदार्थों का इस्तेमाल करने आदि के संबंध में संबंधित लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया जायेगा तथा दो लाख जुर्माने की सस्तुति की गई है। लगभग ढाई क्विंटल मिठाई नष्ट की गई है।
-सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा ललित मौहन पांडे
