जेल काटकर आया फिर बनाने लगा मिलावटी मिठाई, लुधियाना में एक्सपायर लाइसेंस पर चल रही फैक्ट्री पर रेड, 300 किलो मीठा नष्ट
लुधियाना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक मिठाई निर्माता की फैक्ट्री पर छापा मारा, जो पहले भी मिलावटी मिठाई बनाने ...और पढ़ें

300 किलो मिलावटी मिठाई नष्ट। फोटो जागरण
HighLights
मिलावटी मिठाई बनाने वाले पर लुधियाना में छापा।
300 किलोग्राम विभिन्न प्रकार की मिठाइयां जब्त कर नष्ट।
निर्माता का खाद्य लाइसेंस एक्सपायर, दोबारा चाशनी उपयोग।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। मिलावटी मिठाई बनाने पर डेढ़ लाख रुपये जुर्माना भरने और छह महीने की जेल काटने के बावजूद एक मिठाई निर्माता ने सबक नहीं लिया। जेल से बाहर आने के बाद वह दोबारा से मिलावटी मिठाई बनाने लगा।
इस बार भी नियमों और लोगों की सेहत को ताक पर रखकर मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने न्यू गुरनाम नगर, जस्सियां रोड स्थित एक घर में छापा मारा।
यहां करीब 300 किलोग्राम विभिन्न प्रकार की मिठाइयां तैयार मिलीं, जिन्हें विभाग ने जब्त कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट करवा दिया। जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित व्यक्ति का खाद्य लाइसेंस एक्सपायर हो चुका था।
उसने अधिकारियों को बताया कि लाइसेंस रिन्यू करवाने के लिए आवेदन किया है, लेकिन मौके पर वह इसका कोई ठोस प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। अधिकारियों के अनुसार, वह पिछले छह-सात महीने से दोबारा मिठाई तैयार करने का काम कर रहा था। अधिकारी अब उससे यह पता लगाने में जुटे हैं कि वह यह मिठाई कहां सप्लाई कर रहा था।
‘इस्तेमाल की गई चाशनी’ दोबारा इस्तेमाल करने की सूचना
जिला सेहत अफसर डा. आशीष चावला ने कहा कि विभाग को सूचना मिली थी कि संबंधित व्यक्ति विभिन्न मिठाई की दुकानों से पहले इस्तेमाल की जा चुकी चाशनी खरीदकर उसका दोबारा मिठाई बनाने में इस्तेमाल कर रहा है।
इसके बाद टीम ने मौके पर छापामारी की। टीम ने पाया कि वहां मिठाई बनाने के लिए मानकों को भी पालन नहीं हो रहा था। टीम ने करीब 300 किलो मिठाई को जब्त करने के बाद नष्ट कर दिया गया, ताकि इसे बाजार में बेचकर लोगों तक पहुंचने से रोका जा सके। इसी तरह मिठाई के तीन सैंपल भी जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
फिरोजपुर में कीड़ों और फंगस लगी तीन क्विंटल मिठाई नष्ट
फिरोजपुर में फूड सेफ्टी विंग ने शनिवार को खाई रोड पर नाकाबंदी कर खाद्य पदार्थ लेकर जा रहे एक वाहन को रोका। वाहन में रखी गई मिठाई की जांच की गई तो उसने करीब तीन क्विंटल खराब मिठाई बरामद हुई। मिठाई पर कीड़े रेंग रहे थे और फंगस तक लगी हुई थी। यही नहीं, मिठाई को जिन टीन के डिब्बों में रखा गया था वह भी जंग लगे हुए थे। टीम ने तुरंत इस मिठाई को नष्ट करवा दिया।
फूड सेफ्टी टीम ने जब वाहन को रोक तो वाहन चालक और उसके साथ बैठा एक व्यक्ति मौके से फरार हो गए। टीम ने जब वाहन को खोला तो उसमें बदबूदार रसगुल्ले, गुलाब जामुन, बेसन की बर्फी और बूंदी के लड्डू पड़े मिले। यह मिठाई मानव उपभोग के लिए पूरी तरह असुरक्षित थी।
इस कारण उसके सैंपल लेकर उसे नष्ट करवा दिया गया। बताते हैं कि घटना के बाद वाहन चालक और उसका साथी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे यह मिठाई तरनतारन जिले के पट्टी से लेकर आए थे और उन्हें इसे फाजिल्का पहुंचाना था।
लोगों से अपील, ऐसे लोगों की दे सूंचना पहचान रखी जाएगी गुप्त
फूड सेफ्टी विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति मिलावटी, घटिया या संदिग्ध खाद्य पदार्थ तैयार, बेच या सप्लाई करता है तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। विभाग ने कहा कि मिलावट के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है।
तीन क्विंटल मीठा जहर कहां से गया स्वास्थ्य विभाग बेख़बर
फिरोजपुर में एक गाड़ी से तीन क्विंटल ऐसी मिठाई शनिवार को पकड़ी गई जो इंसानों के तो दूर जानवरों के खाने लायक भी नही। दुर्गंध मारता यह मीठा जहर सैकड़े लोगों का निवाला बनना था। अब सवाल यह उठता है कि तरनतारन जिले के कस्बा पट्टी में तैयार हुआ यह मीठा जहर जिले से बाहर कैसे गया।
हैरानी की बात यह है कि फूड सेफ्टी अधिकारी अश्वनी कुमार को इस बाबत कोई भी खबर नहीं है। फिरोजपुर से इतनी बड़ी तादाद में मीठा जहर पकड़े जाने पर उन्होंने अज्ञानता जताते हुए करते कहा कि सोमवार को ड्यूटी पर जाकर जानकारी हासिल की जाएगी।
स्वस्थ मंत्री ने लिया नोटिस
स्वस्थ और परिवार भलाई मंत्री डा. बलबीर सिंह कहते हैं कि इतनी बड़ी तादाद में मिठाई पकड़े जाने के बावजूद स्थानीय अधिकारियों को जानकारी न होना उनकी उदासीनता ही है। सारे मामले की रिपोर्ट लेकर अगली कार्रवाई की जाएगी
