काशीपुर में हैंड ग्रेनेड मिलने से मचा हड़कंप
कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम मेहतावन में युवक के पास हैड ग्रेनेड मिलने से हड़कपं मख् गया।
जागरण संवाददाता, काशीपुर (ऊधमसिंह नगर) : कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम मेहतावन में युवक के पास हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने हैंड ग्रेनेड बरामद कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है। सूचना पर बम निरोधक दस्ता भी पहुंचा और निरीक्षण कर हैंड ग्रेनेड को जिदा होना बताया। जिसके बाद पुलिस ने फिलहाल हैंड ग्रेनेड को जमींदोज कर दिया। गिरफ्तार युवक ने बताया कि हैंड ग्रेनेड वह रामपुर से लेकर आया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक ग्राम पईपुरा, बिलासपुर रामपुर उप्र निवासी सरजीत पुत्र जैल सिंह अपने छोटे भाई गुरमीत के साथ 27 मई को मेहतावन, कुंडेश्वरी में अपने चाचा महेंद्र सिंह के यहां जागरण में आया था। 28 को गुरमीत वापस चला गया। 29 मई की रात करीब दो बजे पुलिस को सरजीत के पास हैंड ग्रेनेड होने की सूचना मिली थी। जिससे वह ग्रामीणों को डरा-धमका रहा था। पुलिस ने सरजीत को गुरुवार सुबह घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास एक एचई-36 हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। दूसरा हैंड ग्रेनेड उसने झाड़ियों में छिपाना बताया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों हैंड ग्रेनेड कब्जे में ले लिए। पुलिस ने आरोपित सरजीत के खिलाफ लोगों को डराने-धमकाने व अवैध असलाह रखने के आरोप में केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर दिया है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद हैंड ग्रेनेड को डिस्पोज किया जाएगा।
-----------------------
पुलिस को गुमराह करता रहा आरोपित
मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस ने गुरुवार सुबह पकड़ा तो उसने हैंड ग्रेनेड कोसी नदी किनारे पानी की नाली से मिलना बताया था। उसने कहा था कि वह बुधवार को कोसी नदी किनारे खेतों पर गया था। जहां पर उसे हैंड ग्रेनेड मिले थे। जानकारी के अभाव में वह उन्हें घर ले आया। कुंडेश्वरी पुलिस चौकी इंचार्ज अर्जुन गिरी गोस्वामी ने बताया कि सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपित ने हैंड ग्रेनेड को बिलासपुर, रामपुर से साथ लेकर आना बताया। कहा कि वहां एक व्यक्ति ने उसे हैंड ग्रेनेड दिए थे। हैंड ग्रेनेड लाने के पीछे मंशा क्या थी। इसके बारे में पुलिस आरोपित से रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। ::::वर्जन-
युवक से दो हैंड ग्रेनेड मिले हैं। उसने कोसी नदी पर खेत किनारे से हैंड ग्रेनेड मिलने की बात कही है। यदि उसके साथ कोई और भी था तो मामले की जांच कराई जाएगी।
-डॉ. जगदीश चंद्र, एएसपी काशीपुर
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप