उड़ता रहा धुआं, फैलता रहा जहर
संवाद सहयोगी बाजपुर कूड़े में लगी आग ने बुधवार रात शहरवासियों की रात की नींद हराम क
संवाद सहयोगी, बाजपुर : कूड़े में लगी आग ने बुधवार रात शहरवासियों की रात की नींद हराम कर दी। इतना ही नहीं बुजुर्गो को सांस लेने में दिक्कत हुई। धुएं के कारण अधिकतर लोगों की आंखों में जलन की समस्या भी हुई। गुरुवार सुबह पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते ने आग बुझाने की कमान खुद संभाली तो करीब 11 बजे लोगों को धुएं से किसी तरह से निजात मिली।
पालिका प्रशासन के पास कूड़ा निस्तारण का कोई उचित स्थान नहीं है। तमाम प्रयास के बाद भी अभी तक कोई प्रबंध नहीं हो सका है। इस कारण पूरे शहर से एकत्र कूड़े को आबादी के नजदीक लेवड़ा नदी किनारे खाली पड़े एक निजी प्लाट में डाला जा रहा है। बुधवार को उसी कूड़े के ढेर में किसी ने आग लगा दी। आग धीरे-धीरे शाम तक पूरे प्लॉट में फैल गई। कूड़े से निकले जहरीले धुएं ने शहर के वातावरण को इस कदर दूषित कर दिया कि सांस लेना भी मुश्किल होने लगा। आसपास बसे लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। पूरे शहर क्षेत्र को रातभर धुएं ने परेशान किया।
मामले की शिकायत सामने आने पर पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते कुछ जनप्रतिनिधियों के साथ मौके पर पहुंचे। धुएं से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए फायर ब्रिगेड को सूचित किया। इस पर कुछ ही देर में काशीपुर से फायर कर्मी वाहन लेकर पहुंच गए। बड़ी मु़श्किल से आग पर बुझाकर शहरवासियों को धुएं से निजात दिलाई।
इस मौके पर सभासद जगतजीत सिंह, रामअवतार यादव, सुनील चानना, विवेक पांडेय, दिनेश भारती, तनवीर खां भी मौजूद रहे।