शतरंज की बिसात पर दौड़ाए हाथी घोड़े
ओपन शतरंज प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जमकर दांवपेच दिखाते हुए दिनभर शतरंज की बिसात पर हाथी घोड़े दौडाए।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : ओपन शतरंज प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जमकर दांवपेच दिखाते हुए दिनभर शतरंज की बिसात पर हाथी घोड़े दौड़ाए। शतरंज संघ के राष्ट्रीय महासचिव व कॉमनवेल्थ शतरंज संघ अध्यक्ष भरत सिंह चौहान ने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की। प्रतियोगिता में देहरादून, हल्द्वानी, बरेली, कानपुर, लखनऊ, दिल्ली व नैनीताल के 103 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
कॉन्फ्लूएंस स्कूल में आयोजित पांच दिवसीय आल इंडिया फिडे रेटेड ओपन शतरंज प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे राउंड में मनीष दूबे ने दीपक पाल आर्य, जितेंद्र कुमार ने नैनिका सिंह, अथर्व बिष्ट ने नवीन पाल, आयुषी कांडपाल ने प्रियांशु गौतम, प्रखर कोठारी ने प्रत्युष फुलारा, रोमिल पासी ने अराध्या गौतम, आर्यन सिंह ने सिद्धांत पाठक, सृजन उनियाल ने देवदिता दास, चितार्थ मेहरा ने स्पर्श मिगलानी, वी रघुरमन ने नटराज, मौरिशी सिंह ने अंकित भारद्वाज को हराते हुए बढ़त बना ली। 21 अप्रैल को प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। शतरंज संघ के प्रदेश अध्यक्ष धीरज सिंह रघुवंशी ने कहा प्रतियोगिता के परिणाम खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय शतरंज संघ फिडे की रेटिग के लिए भी मान्य होंगे। प्रतियोगिता कमेटी के चेयरमैन पुनीत छाबड़ा ने खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। शुभारंभ सत्र का संचालन प्रदेश महासचिव संजीव चौधरी ने किया। इस दौरान दिल्ली शतरंज संघ के अध्यक्ष एके वर्मा, अधिवक्ता संजय कुमार चड्ढा व अंतरराष्ट्रीय ग्रांड मास्टर प्रवीण थिप्से विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।
-------------
कोचिग की भी व्यवस्था
रुद्रपुर : प्रतियोगिता में मुख्य रूप से पहुंचे अर्जुन पुरस्कार प्राप्त अंतरराष्ट्रीय ग्रांड मास्टर प्रवीण थिप्से की मौजूदगी से खिलाड़ी उत्साहित है। वह भी खिलाड़ियों को शतरंज के लिए प्रेरित कर रहे है। 15 से कम आयु वर्ग के बच्चों को 18 अप्रैल से 24 अप्रैल तक कोचिग भी देंगे। उनके द्वारा ट्रेनर कोचिग कैंप भी लगाया जाएगा।