उत्तराखंड के रुद्रपुर में लूडो खेलने से मना करने पर हत्या, शहनवाज ने कहा 'तुम छोटे हो' तो गोलू ने सिर पर मारी ईंट
रुद्रपुर के ईदगाह मैदान में लूडो खेलने से मना करने पर एक युवक की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। ईदगाह मैदान में दोस्तों के साथ लूडो खेल रहे खेड़ा निवासी युवक ने मोहल्ले के ही युवक को छोटा होने की बात कहते हुए लूड़ो खिलाने से इंकार कर दिया। इससे रंजिशन युवक ने उसके सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसका पता चलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपित पर प्राथमिकी पंजीकृत कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है।
छोटा बताते हुए खिलाने से मना कर दिया
वार्ड नंबर 18 खेड़ा निवासी 27 वर्षीय शाहनवाज पुत्र आजिद 12 अगस्त की रात साढ़े नौ बजे खाना खाने के बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित ईदगाह मैदान में टहलने गया था। वहां पहुंचने के बाद वह अपने दोस्त आजम, कासिम, वसीम, अरमान, चांद समेत अन्य युवकों के साथ लूडो खेलने लगा।
आरोप है कि इस दौरान वार्ड नंबर 18 खेड़ा निवासी गोलू पुत्र स्व.शाहिद अली उर्फ दद्दा वहां पहुंचा और लूडो खेलने की बात कहने लगा। शाहनवाज ने उसे छोटा बताते हुए खिलाने से मना कर दिया और डांटकर गाेलू को भगा दिया। कुछ देर बाद गोलू दोबारा आया और पीछे से शाहनवाज के सिर पर ईंट से जान से मारने की नीयत से वार कर दिया।
ईंट लगने से शाहनवाज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। इसका पता चलते ही स्वजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसे आइसीयू में भर्ती कराया गया।
गुरुवार रात को उसकी हालत और बिगड़ गई। जिसके बाद उसे निजी अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने शाहनवाज को मृत घोषित कर दिया।इसका पता चलते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर सीओ सिटी विभव सैनी, कोतवाल प्रकाश दानू, एसएसआइ खुशवंत सिंह, रम्पुरा चौकी प्रभारी दीपक कौशिक पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि मृतक के भाई फरमान की तहरीर पर आरोपित गाेलू पर हत्या की प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। उसकी तलाश की जा रही है, इसके लिए पुलिस टीम लगी हुई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- रुद्रपुर में तेज रफ्तार कार ने युवक-युवती को रौंदा, दोनों की मौत, चालक फरार; पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
यह भी पढ़ें- रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप में निर्माणाधीन भवन में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
