ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में ई-रिक्शा चार्ज करते समय किशोर की मौत, चाचा ने दी हत्या की झूठी खबर
रुद्रपुर में ई-रिक्शा चार्ज करते समय करंट लगने से एक किशोर की मौत हो गई। उसके चाचा ने पारिवारिक रंजिश ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। प्रीत विहार में ई-रिक्शा चार्ज करते समय करंट लगने से किशोर की मौत हो गई। मामले में किशोर के चाचा ने पुलिस को करंट लगाकर हत्या किए जाने की सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में सूचना भ्रामक निकली। पुलिस के अनुसार, चाचा ने अपने भाई से रंजिश के चलते गलत सूचना दी थी।
उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। हादसे से मृतक किशोर के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। फाजलपुर महरौला के वार्ड संख्या 25 स्थित प्रीत विहार निवासी राकेश चंद्रा ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है।
शनिवार देर रात साढ़े दस बजे के आसपास उनका 14 वर्षीय पुत्र रमन चंद्रा ई-रिक्शा को चार्जिंग पर लगा रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और ई-रिक्शा से चिपक गया। पिता ने उसे किसी तरह छुड़ाया और जिला अस्पताल पहुंचाया।
इसके बाद गौतम अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन शव को घर ले आए। देर रात 12:50 बजे पुलिस को सूचना मिली कि किशोर को करंट लगाकर मार दिया गया है।
सूचना पर रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक धीरज टम्टा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मकान मालिक छोटे लाल और पड़ोसी रिजवान अहमद से पूछताछ की।
दोनों ने ई-रिक्शा चार्ज करते समय करंट लगने से किशोर की मौत होने की बात कही। एसएसआइ महेश कांडपाल ने बताया कि सूचना देने वाला किशोर का चाचा अजय चंद्रा नशे की हालत में मिला।
उसे थाने लाकर मेडिकल कराया गया। बताया कि उसने अपने भाई से रंजिश के चलते झूठी सूचना दी थी। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सुपुर्द किया जाएगा।
