रुद्रपुर: शराब की भट्ठी के पास युवक की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या, तीन हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम
रुद्रपुर के डिबडिबा क्षेत्र में गुरुवार सुबह तीन बाइक सवार हमलावरों ने कार से उतर रहे एक युवक संदीप चौहान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर । शहर से सटे डिबडिबा क्षेत्र में गुरुवार सुबह बाइक सवार तीन युवकों ने कार से उतर रहे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
वारदात के बाद तीनों हमलावर बाइक से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची बिलासपुर कोतवाली पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय संदीप चौहान उर्फ सन्नी उर्फ सनिया पुत्र तेजपाल निवासी ग्राम मोहम्मदगंज, थाना मीरगंज, बरेली के रूप में हुई है। वर्तमान में वह सुभाषनगर डिबडिबा, थाना बिलासपुर, रामपुर में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि संदीप गुरुवार सुबह कार से डिबडिबा क्षेत्र में कहीं जा रहा था। इसी दौरान वह शराब की भट्ठी के पास कार से उतर गया। तभी बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि आरोपितों ने संदीप पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इस बीच हमलावर बाइक से फरार हो गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बिलासपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संदीप को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह और आरोपितों की पहचान को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
