विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुद्रपुर होटल में युवती की संदिग्ध मौत: पोस्टमार्टम में कारण अस्पष्ट, पार्टनर पर हत्या का आरोप

Published: Sat, 04 Apr 2026 09:02 AM (IST)

रुद्रपुर के रेडिसन होटल में दिल्ली निवासी युवती ज्योति शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला जटिल हो गया है। पोस्टमार्टम ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। होटल रेडिसन में दिल्ली निवासी युवती की संदिग्ध मौत के मामले में स्थिति जटिल हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत के कारण की पुष्टि नहीं हो पाई है, जिससे युवती के स्वजन हताश हैं।

फिर भी, वे युवती के बिजनेस पार्टनर पर हत्या का आरोप लगाने पर अड़े हैं। वहीं, पुलिस ने युवती का बिसरा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है, ताकि वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

हनुमान मंदिर लोदी रोड नई दिल्ली निवासी ज्योति शर्मा अपने पार्टनर अमित चौधरी के साथ मंगलवार को कैंचीधाम में बाबा के दर्शन करने गई थीं। लौटते समय वे नैनीताल रोड स्थित होटल रेडिसन में ठहरे। बुधवार को युवती की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक पुलिस ने अमित चौधरी से पूछताछ की, लेकिन उसने हत्या से इन्कार किया।

रिपोर्ट में ज्योति की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई, जिसके बाद पुलिस ने बिसरा सुरक्षित रख लिया। मृतका की बहन वंदना शर्मा की तहरीर पर अमित चौधरी के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी पंजीकृत की।

वहीं, रेडिसन होटल के जिस कमरे में ज्योति शर्मा अपने बिजनेस पार्टनर अमित चौधरी के साथ ठहरी थी, उसमें पुलिस को दो बीयर की कैन मिली हैं। पुलिस का कहना है मृतका ज्योति ने बीयर का सेवन किया या नहीं इसकी जानकारी नहीं हो पाई है।

युवती से मारपीट करता था आरोपित, शादी का दिया आश्वासन

रुद्रपुर: रुद्रपुर पहुंची मृतका ज्योति की बहन वंदना शर्मा ने आरोप लगाया है कि अमित चौधरी पूर्व में भी उसकी बहन के साथ मारपीट कर चुका है। इस मामले में 11 मार्च को लोदी कालोनी नई दिल्ली में शिकायत की थी।

अमित ने उसकी बहन को होटल व्यवसाय में साझेदारी देने और विवाह करने का झूठा आश्वासन देकर उससे 38 लाख रुपये के साथ ही दो सौ ग्राम सोने और डेढ़ किलो चांदी के जेवरात भी अपने पास रखे हैं। जब उसकी बहन ने धन वापसी या साझेदारी की मांग की तो वह टालमटोल करता रहा।

उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। संदेह जताया कि आरोपित अमित चौधरी ने होटल के कमरे के साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ की है। सच्चाई छिपाने के उद्देश्य से वीडियो बनाकर साक्ष्य को नष्ट करने का प्रयास किया गया है।

वीडियो एवं घटनास्थल की स्थिति से प्रतीत होता है कि उसकी बहन ने स्वयं को बचाने का प्रयास किया था। उसकी बहन शराब का सेवन नहीं करती थी, जिससे यह घटना और भी अधिक संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने अमित चौधरी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

ज्योति शर्मा के साथ ठहरे अमित चौधरी पर हत्या की प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बिसरा भी जांच को भेजा गया है।
- नंदन सिंह रावत, थानाध्यक्ष पंतनगर

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर के होटल में दिल्ली की महिला की मौत: पार्टनर पर हत्या का केस, बिसरा जांच जारी

यह भी पढ़ें- कैंचीधाम दर्शन को आई दिल्ली की महिला की रुद्रपुर के होटल में संदिग्ध मौत, हड़कंप