कैंचीधाम दर्शन को आई दिल्ली की महिला की रुद्रपुर के होटल में संदिग्ध मौत, हड़कंप
रुद्रपुर के रेडिसन ब्लू होटल में दिल्ली की एक महिला ज्योति शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। शहर के नैनीताल रोड स्थित पांच सितारा होटल रेडिसन ब्लू में ठहरी दिल्ली की एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। महिला अपने बिजनेस पार्टनर के साथ ठहरी थी। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महिला के साथी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय ज्योति शर्मा निवासी लोधी रोड, नई दिल्ली अपने बिजनेस पार्टनर अमित निवासी लोधी रोड नई दिल्ली के साथ मंगलवार को दिल्ली से कैंची धाम के दर्शन के लिए निकली थीं। देर रात होने पर दोनों ने रुद्रपुर में नैनीताल रोड स्थित होटल रेडिसन ब्लू में कमरा लिया और वहीं रुक गए। पुलिस का कहना है कि बुधवार सुबह काफी देर तक ज्योति के न उठने पर उनके पार्टनर अमित को शक हुआ।
उसने उन्हें कई बार जगाने की कोशिश की, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। घबराकर वह तुरंत होटल रिसेप्शन पर पहुंचा और घटना की जानकारी देते हुए एंबुलेंस बुलाने को कहा। होटल कर्मचारियों की मदद से ज्योति को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए और मामले की जानकारी जुटाई। सीओ पंतनगर डीआर वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पर्दाफाश हो सकेगा।
देर रात तक पहुंचेंगे स्वजन
पुलिस ने मृतका के स्वजन को सूचना दे दी है, ज्योति की बहन ने देर रात तक रुद्रपुर पहुंचने की बात कही है। साथ ही होटल स्टाफ और मृतका के साथ मौजूद व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके। इस घटना के बाद होटल परिसर और आसपास के क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
