पिता ने सब्बल से मारा, हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में बेटे ने तोड़ा दम
रुद्रपुर की इंदिरा कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के बाद पिता के हमले में गंभीर रूप से घायल बेटे अनिल कुमार की हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

अनिल कुमार। फाइल फोटो
HighLights
रुद्रपुर में पिता ने बेटे पर लोहे की सब्बल से हमला किया
घायल बेटे अनिल की हल्द्वानी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
आरोपी पिता सुरेश वारदात के बाद फरार, पुलिस तलाश में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। इंदिरा कालोनी में पारिवारिक विवाद के बाद पिता के हमले में गंभीर रूप से घायल बेटे की उपचार के दौरान मौत हो गई। हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में युवक ने दम तोड़ दिया। आरोप है कि पिता ने सोते समय बेटे के सिर पर लोहे की सब्बल से कई वार किए थे। घटना के बाद से आरोपित पिता फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
इंदिरा कालोनी निवासी विक्की पुत्र सुरेश कुमार के अनुसार, 22 नवंबर की शाम करीब छह बजे उसका बड़ा भाई 24 साल का अनिल कुमार घर पर सो रहा था। इसी दौरान उनके 50 साल के पिता सुरेश कुमार ने लोहे की सब्बल से उसके सिर पर कई वार कर दिए।
हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्वजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर आईसीयू में भर्ती कराया गया। बाद में उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
विक्की ने पुलिस को बताया था कि हमले के बाद अनिल कोमा में चला गया था। वह न तो बोल पा रहा था और न ही सुन पा रहा था। आरोप है कि वारदात के बाद पिता घर में रखे 50 से 60 हजार रुपये, दो तोला सोना और करीब 100 ग्राम चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया था। घर से जाने से पहले उसने रसोई गैस सिलेंडर में आग लगाने के साथ ही तोड़फोड़ भी की थी। घटना के बाद से आरोपित का मोबाइल फोन भी बंद है।
सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि आरोपित सुरेश कुमार के विरुद्ध पहले प्राथमिकी पंजीकृत की गई थी। घायल की उपचार के दौरान मौत होने के बाद आरोपित पिता की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
मृतक तीन भाई थे और दो बहन है। वह शादी विवाह में फोटो ग्राफर का काम करता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।