मनमानी से बाज नहीं आ रहे डीजे संचालक
संवाद सहयोगी, खटीमा : सीमांत के डीजे संचालक मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। न्यायालय के आ
संवाद सहयोगी, खटीमा : सीमांत के डीजे संचालक मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। न्यायालय के आदेश की अवहेलना करते हुए विवाह आदि समारोहों में देर रात तक डीजे बजता रहता है। इससे आमजन के सुख-चैन पर खलल पड़ रहा है। इसके बावजूद पुलिस बेखबर है।
सुप्रीम कोर्ट ने किसी भी तरह के समारोह में रात दस बजे के बाद डीजे बजाने पर पाबंदी लगाने का आदेश दे रखा है। इसको लेकर कई बार पुलिस ने प्रयास भी किए। डीजे संचालकों की बैठक बुलाकर उन्हें न्यायालय के आदेश का अनुपालन करने की हिदायत दी गई। हालांकि इसका असर नाममात्र को भी नहीं दिख रहा है। शादियों का सीजन चल रहा है। हर ओर से डीजे का शोर सुनाई दे रहा है। दिन में तो डीजे बजना समझ में आता है, लेकिन देर रात तक चलने वाले समारोह में डीजे से हो रहे शोरगुल के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। चकरपुर पुलिस चौकी के पास ही पिछले कई दिनों से देर रात तक डीजे बजता रहता है। जिसको सुनने के बाद पुलिस अंजान बनी हुई है। अमूमन हर क्षेत्र में यही स्थिति देखने को मिल रही है। इस संबंध में कोतवाल कुंवर सिंह रावत का कहना है कि रात दस बजे के बाद डीजे बजाने पर पूर्णतया प्रतिबंधित है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीजे भी जब्त कर लिया जाएगा।