विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऊधमसिंह नगर में पांच किमी तक जुलूस के रूप में होगा नितिन नवीन का स्वागत, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और उनके समर्थक नजर बंद

Published: Thu, 10 Sep 2026 10:38 AM (IST)Updated: Thu, 10 Sep 2026 02:00 PM (IST)

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहली बार रुद्रपुर पहुंच रहे हैं, जहां उनका पांच किमी लंबा भव्य स्वागत जुलूस निकलेगा और वे सिख-पंजाबी गौरव सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहली बार गुरुवार को रुद्रपुर पहुंच रहे हैं। वे यहां सिख-पंजाबी गौरव सम्मेलन को संबोधित करेंगे। लेकिन उससे पहले रुद्रपुर में प्रवेश करते ही उनके ऐतिहासिक स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं। पांच किमी तक उनका स्वागत जुलूस होगा, जिसमें बीच-बीच में हर समाज के लोग उनका स्वागत करेंगे।

इसके लिए पूरे शहर को भाजपाई झंडे-बैनर व पोस्टरों से सजाया गया है। एक दर्जन तोरणद्वार बनाए गए हैं साथ ही उन्हीं द्वारों के पास स्टाल लगेंगे। जहां हर समाज के लोग खड़े होकर पुष्पवर्षा करेंगे। इस दौरान पांच से सात किमी का हल्द्वानी-रामपुर हाईवे वन-वे रहेगा।

राजकुमार ठुकराल और उनके समर्थक नजर बंद

वहीं पंचमुखी मंदिर गल्ला मंडी रूद्रपुर में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और उनके समर्थकों को पुलिस ने नजर बंद कर दिया है।

पंजाबी-सिख गौरव सम्मेलन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर कुमाऊं में हैं। बुधवार को उन्होंने हल्द्वानी में पार्टी कार्यक्रमों में भाग लिया तो गुरुवार को वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ रुद्रपुर के रामपुर रोड स्थित आर्क होटल में पंजाबी-सिख गौरव सम्मेलन को संबोधित करने आ रहे हैं।

पार्टी कार्यक्रम के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष दोपहर एक बजे होटल में सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उससे पहले जैसे ही उनका काफिला हल्द्वानी से आकर रुद्रपुर में प्रवेश करेगा, पार्टी ने ऐतिहासिक स्वागत की तैयारियां कर रखी हैं। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी विजय सिंह तोमर ने बताया कि मैट्रोपोलिस माल से लेकर रामपुर रोड पर स्थित आर्क होटल तक करीब पांच किमी के दायरे में उनके काफिले को बीच-बीच में रोककर हर समाज स्वागत करेगा।

मैट्रोपोलिस माल के पास सबसे पहले शहर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में स्वागत होगा। इसी तरह अटरिया मंदिर मोड़ पर नगर निगम के पार्षद पुष्पवर्षा करेंगे। वीटी चौक पर पंजाबी समाज, बस स्टैंड पर बंगाली समाज, त्रिशूल चौक पर पूर्वांचल समाज, सोनिया होटल पर अनुसूचित जाति-जनजाति समाज, सरदार भगत सिंह महाविद्यालय के गेट पर दर्जाधारी फरजाना बेगम के नेतृत्व में मुस्लिम समाज औक लोक विहार में भाजपा नेता अनिल चौहान के नेतृत्व में सर्वसमाज के लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत करेंगे।

यह भी पढ़ें- जहां से उपजा शुद्धिकरण विवाद, भाजपा ने वहीं दिया जवाब... नितिन नवीन ने दलित बूथ अध्यक्ष के घर किया नाश्ता

जुलूस के दौरान चूंकि हाईवे पर कार्यकर्ताओं व समर्थकों की भीड़ रहेगी, लिहाजा आवागमन प्रभावित न हो इसके लिए जुलूस के दौरान हल्द्वानी-रामपुर हाईवे वन-वे रहेगा।

जिला मीडिया प्रभारी विजय सिंह तोमर ने बताया कि पंजाबी-सिख गौरव सम्मेलन को करीब एक बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष संबोधित करेंगे। भाजपा अध्यक्ष नवीन के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट के अलावा जिले के पंजाबी -सिख समाज के जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था में तैनात एक हजार पुलिस कर्मी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आैर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन को देखते हुए पुलिस व प्रशासन ने सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है।

पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार को शहर का व्यापक निरीक्षण कर हाईवे के दोनों आेर किसी तरह का अतिक्रमण न रहने देने आैर वाहनों को सुव्यवस्थित तरीके से वन-वे निकालने की व्यवस्था बनाई। आवागमन भी प्रभावित न हो आैर जुलूस आदि भी अच्छे से संपन्न हो इसके लिए तिराहे-चौैराहों पर करीब एक हजार पुलिस कर्मी लगाए गए हैं।

विधायक शिव अरोरा ने देर रात तक की समाज के साथ बैठकें

रुद्रपुर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रथम रुद्रपुर आगमन को लेकर भाजपा पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों में जबरदस्त उत्साह है। पंजाबी-सिख गौरव सम्मेलन को भव्य बनाने के लिए विधायक शिव अरोरा ने बिंदुखेड़ा, अमरपुर, रतनपुरी और अलखदेवी समेत विभिन्न क्षेत्रों में देर रात तक सिख एवं पंजाबी समाज के लोगों के साथ बैठकें कीं। उन्होंने समाज के लोगों से बड़ी संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर नितिन नवीन को सुनने की अपील की।

यह भी पढ़ें- भाजपा ने रणनीतिक तरीके से किया कांग्रेस के 'शुद्धीकरण' नैरेटिव पर वार, पहली बार उत्तराखंड में गरजे नितिन नवीन

विधायक अरोरा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का पहली बार रुद्रपुर आगमन कार्यकर्ताओं और पंजाबी-सिख समाज के लिए विशेष अवसर है। तराई के विकास में पंजाबी और सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सम्मेलन समाज की एकजुटता, गौरव और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का अवसर है। बैठकों में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश बजाज, गुरबाज दुमरा, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, गुरबाज सिंह, गुरचरण सिंह, अमरीक सिंह, हरभजन सिंह, गुरबख्श सिंह, प्रीतम, ह्रदयाल, कृपाल सिंह, प्रभजोत सिंह, हरगोविंद सिंह आदि मौजूद रहे।