पानी पीने पहुंच गए नेपाल, पुलिस के डर किसान हुआ बेहोश
नेपाल सीमा से लगे खेतों में मसूर निकलाने गए दो ग्रामीण पानी पीने के लिए नेपाल क्षेत्र पहुंच गए।
संवाद सहयोगी, खटीमा : नेपाल सीमा से लगे खेतों में मसूर निकलाने गए दो ग्रामीण पानी पीने के लिए नेपाल क्षेत्र पहुंच गए। नेपाल में भारतीय नागरिक के प्रवेश की सूचना पर वहां की पुलिस ने दोनों किसानों को कार्रवाई की चेतावनी दी। जिससे घबराया एक वृद्ध किसान बेहोश हो गया। बेहोश किसान के साथ गए साथी ने उसे कंधे में लादकर भारतीय सीमा तक पहुंचाया। यहां से झनकईया थाना प्रभारी ने बेहोश किसान को नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
मेलाघाट के अधिकांश किसानों की भूमि कटाव की वजह से जगबुड़ा नदी पार भूमि चली गई है। किसान उन खेतों में धान, मसूर, गन्ना, गेहूं, धान आदि की खेती करते हैं। किसान नाव घाट से जगबुड़ा नदी पार कर यहां खेती करने जाते हैं। मेलाघाट निवासी मिठ्ठू 65 वर्ष व रामचंद्र 62 बुधवार जगबुड़ा नदी पार कर अपनी मसूर की फसल निकालने के लिए गए थे। झनकईया थाना एसओ अरविद चौधरी ने बताया कि खेती के काम के दौरान प्यास लगी तो किसान नेपाल में पानी लेने चले गए। इन दिनों भारत नेपाल सीमा सील होने के कारण नेपाल पुलिस ने भारतीय नागरिकों को यहां देखा तो दोनों को रोक लिया और फटकार लगाई। नेपाल पुलिस की फटकार से घबराया राम चंद्र बेहोश हो गया। साथ गए किसान मिठ्ठू ने रामचंद्र को कंधे पर रखकर जगबुड़ा नदी पार कर मेलाघाट पहुंचाया। एसएसबी की सूचना पर उन्होंने बेहोश किसाना को खटीमा नागरिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां से उसे रेफर कर दिया गया। शाम के समय परिजन राम चंद्र को घर लेकर आए गुरुवार को बेहोशी की हालत में ही बरेली लेकर चले गए हैं।