रुद्रपुर में एलजीबी फैक्ट्री में हुआ जहरीली गैस का रिसाव, सात महिला कर्मी हुई बेहोश
उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर के सिडकुल की एलजीबी फैक्ट्री में जहरीली गैस से आधा दर्जन महिला कर्मी बेहोश ही गई। इसका पता चलते फैक्ट्री प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
रुद्रपुर, जेएनएन। सिडकुल की एलजीबी फैक्ट्री में जहरीली गैस से सात महिला कर्मचारी बेहोश हो गईं। घटना से फैक्ट्री कर्मचारियों और प्रबंधन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन बेहोश कर्मचारियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सिडकुल के सेक्टर नौ, प्लाट 16 स्थित एलजीबी फैक्ट्री में बाइक के चेन-पॉकेट बनते हैं। बुधवार दोपहर दो बजे लंच टाइम में महिला कर्मचारी खाना खाने के लिए बने कक्ष में गईं। वहां जहरीली गैस के चलते वे जोर-जोर से खांसने लगीं और उल्टी होने के बाद वे बेहोश हो गईं। एक के बाद एक सात महिला कर्मचारी बेहोश होती देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
शोर-शराबा होने पर फैक्ट्री अधिकारियों के साथ ही कर्मचारी भी पहुंच गए। उन्होंने बेहोश महिला कर्मचारी पीलीभीत निवासी रेनू, रचना, चंदौसी निवासी आर्किल यादव, बरेली निवासी रोली ङ्क्षसह, आवास विकास, रुद्रपुर निवासी ज्योति, गांधी कालोनी निवासी प्रियंका और इंदिरा कालोनी निवासी कल्पना को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर पहुंचे सिडकुल चौकी प्रभारी केजी मठपाल ने इस संबंध में प्लांट हेड वी मुत्थू कुमार स्वामी से जानकारी ली।
फैक्ट्री प्रबंधन का कहना है कि सफाई के दौरान फिनायल गिरने से महिला कर्मचारी बेहोश हुई हैं। इस मामले में श्रम विभाग के सहायक निदेशक अरविंद कुमार का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: काशीपुर की फ्लैक्सी टफ फैक्ट्री में गैस रिसाव, 16 श्रमिकों की हालत बिगड़ी
यह भी पढ़ें: स्टील फैक्ट्री में विस्फोट, दो श्रमिकों की मौत; दो घायल