उधमसिंहनगर में फिल्मी-स्टाइल में किडनैपिंग, बोलेरो से उतरे 6 बदमाश; कार से निकालकर युवक को किया अगवा
किच्छा में दिनदहाड़े बोलेरो सवार छह युवकों ने लेनदेन के विवाद में बाजपुर के एक युवक हरजिंदर सिंह को कार से खींचकर पीटा और फिर अगवा कर लिया।

पुलिस के दबाव के बाद आरोपी युवक की स्विफ्ट कार छोड़कर फरार हो गए, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
HighLights
किच्छा में दिनदहाड़े युवक का बोलेरो सवारों ने अपहरण किया।
लेनदेन के विवाद में युवक को सड़क पर बेरहमी से पीटा गया।
पुलिस के दबाव से आरोपी कार छोड़कर फरार हुए।
जागरण संवाददाता, किच्छा(उधमसिंह नगर)। शहर में दिनदहाड़े बोलेरो सवार 6 युवकों ने लेनदेन के विवाद में बाजपुर के युवक को एचडीएफसी बैंक के सामने कार से खींचकर सड़क पर गिरा दिया और फिर लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। कुछ देर बाद जबरन उसे बोलेरो में डालकर अगवा कर उठा ले गए।
एक आरोपी पीड़ित की स्विफ्ट कार भी अपने साथ ले गया। व्यस्त सड़क पर हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बाजपुर इटऊआ निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र रतन सिंह का लालकुआं के रहने वाले कुछ लोगों से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार को हरजिंदर सिंह अपने साथी संदीप के साथ किच्छा कार से आए हुए थे। इसी बीच एचडीएफसी बैंक के पास बोलेरो सवार युवकों ने हरजिंदर की स्विफ्ट कार के आगे अपनी बोलेरो लगा रास्ता रोक लिया।
इसके बाद बोलेरो से उतरे युवक स्विफ्ट कार के दरवाजे खोलकर उसमें बैठे लोगों को बाहर खींचने लगे। इसी दौरान हरजिंदर बचने के लिए भागने का प्रयास करता है, लेकिन आरोपित उसे पकड़कर सड़क पर गिरा देते हैं। इसके बाद कई युवकों ने उसकी लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की। यह देख उसका साथी संदीप मौके से फरार हो गया। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि हरजिंदर का लालकुआं निवासी कुछ लोगों से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी के चलते छह आरोपित बोलेरो से पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आरोपितों की तलाश में दबिश और घेराबंदी शुरू की। पुलिस का दबाव बढ़ने पर आरोपित स्विफ्ट कार को आनंदपुर मोड़ के पास छोड़कर फरार हो गए।