विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में साइबर ठगों का नया जाल, टास्क पूरा करने के नाम पर युवती से ठगे 28.5 लाख रुपये

Published: Thu, 27 Aug 2026 12:33 PM (IST)

काशीपुर की एक युवती टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने और अमेज़ान में नौकरी के लालच में 28.5 लाख रुपये की साइबर ठगी का शिकार हो गई।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संस जागरण, काशीपुर  क्षेत्र की एक युवती साइबर ठगों के बड़े जाल में फंसकर 28.5 लाख रुपये गंवा बैठी। जालसाजों ने टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने और अमेज़ान कंपनी में नौकरी दिलाने व भारी मुनाफे का लालच देकर इस ठगी को अंजाम दिया। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने मामले में निष्पक्ष जांच और रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

अमेज़ान में जाब और क्रिप्टो कंपनी के नाम पर ठगी
पीड़िता के अनुसार, जून 2026 में उसके टेलीग्राम नंबर पर एक अज्ञात लिंक आया। लिंक के माध्यम से दावा किया गया कि 'काइनबेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड' नाम की कंपनी की ओर से उसे अमेज़ान कंपनी में जाइनिंग दी जाएगी। इसके लिए युवती को कुछ आनलाइन टास्क पूरे करने थे और बदले में मोटा मुनाफा देने का आश्वासन दिया गया था।

शुरुआत में दिया मुनाफा, फिर जाल में फंसाया
शुरुआती चरण में युवती ने 6,000 रुपये का टास्क चुना। इसे पूरा करने पर कंपनी की ओर से उसका मूलधन और मुनाफा वापस कर दिया गया, जिससे युवती का विश्वास बढ़ गया। इसके बाद ठगों ने टास्क का टारगेट बढ़ाकर 50,000 रुपये कर दिया। जब युवती टास्क समय पर पूरा नहीं कर सकी, तो ठगों ने उसकी रकम रोक ली और उसे छुड़ाने के नाम पर और पैसे जमा करने का दबाव बनाया।

28.5 लाख रुपये हड़पे, अब फिर मांग रहे 3.20 लाख
ठगों के चंगुल में फंसकर युवती अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआइ आइडी के जरिए कुल 28,50,000 रुपये गंवा चुकी है। इतने पैसे हड़पने के बाद भी जालसाजों ने उसकी रकम वापस नहीं की और अब उससे 3.20 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही है।

अज्ञातों पर दर्ज किया मामला
ठगी का अहसास होने के बाद पीड़िता ने कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर पूरे मामले की जानकारी दी। पीड़िता ने पुलिस से साइबर अपराधियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने और अपनी डूबी हुई रकम वापस दिलाने की मांग की है। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 60 करोड़ों का गबन, प्रतापगढ़ के साइबर थाने में मुकदमा दर्ज

यह भी पढ़ें- देहरादून में 3.20 करोड़ की साइबर ठगी, कोलकाता से दबोचा गया ठग