काशीपुर में दर्दनाक हादसा, ट्राला ने ली हेड मोहर्रिर के बेटे अभय की जान
काशीपुर में दड़ियाल रोड पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में जसपुर कोतवाली के हेड मोहर्रिर प्रकाश राम लोहिया के 22 वर्षीय बेटे अभय लोहिया की मौत हो गई।

अभय. File Photo

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संस जागरण, काशीपुर। दड़ियाल रोड पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में जसपुर कोतवाली में तैनात हेड मोहर्रिर प्रकाश राम लोहिया के 22 वर्षीय बेटे अभय लोहिया की मौके पर ही मौत हो गई। अभय अपने दोस्त के साथ हल्द्वानी से वापस जसपुर लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्राला ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना रात करीब 11 बजे की है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद कोतवाली परिसर स्थित उनके आवास में कोहराम मच गया।
बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे शोकाकुल परिजनों ने बताया कि प्रकाश राम लोहिया मूल रूप से मोटा हल्द्व अर्जुनपुर, हल्द्वानी के निवासी हैं और पिछले दो वर्षों से जसपुर कोतवाली में तैनात हैं।
मृतक अभय काशीपुर राजकीय पालीटेक्निक का छात्र था। वह किसी काम से हल्द्वानी स्थित घर गया हुआ था और मंगलवार शाम वापस लौट रहा था। तीन भाई-बहनों में अभय दूसरे नंबर पर था। जवान बेटे की अचानक मौत से पिता प्रकाश राम, मां सुशीला देवी और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
