विवि के नए शोध किसानों के लिए अहम : राज्यपाल
जीबी पंत विवि में नई तकनीकों का विकास सहित नए शोध किसानों के लिए बेहद जरूरी है।
संवाद सहयोगी, पंतनगर : जीबी पंत विवि में नई तकनीकों का विकास सहित नए शोध किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन्हें अपनाकर किसान अपनी आय दोगुनी कर सकते हैं। यह प्रतिक्रिया उत्तराखंड की राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने अपने पंतनगर भ्रमण के बाद दी। वह आज सुबह पंतनगर पहुंचीं और विवि के शोध केंद्रों के भ्रमण के बाद तराई भवन में रात्रि प्रवास करेंगी। श्रीमती मौर्य शनिवार को विवेकानंद स्वाध्याय मंडल द्वारा पंतनगर में आयोजित युवा महोत्सव-2019 में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी।
राज्यपाल ने नगला स्थित शैक्षणिक डेयरी फार्म का अवलोकन किया, जहा संयुक्त निदेशक डॉ. ब्रजेश सिंह ने उन्हें डेयरी के उद्देश्यों की जानकारी दी। यहा राज्यपाल ने चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों से भी मुलाकात की और उनके शैक्षणिक सत्र की गतिविधियों के बारे में जाना। राज्यपाल ने ग्राम स्तर पर कम लागत में चूजों के बाडे़ एवं मोबाइल बैंक का अवलोकन किया। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित शिक्षण, शोध एवं प्रसार के कार्यक्त्रमों पर संतोष जताया।