छह दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप, भड़के उपभोक्ता
पांच-छह दिनों से विभिन्न वार्डाे में पेयजल की आपूर्ति ठप है।
संवाद सहयोगी, खटीमा: पांच-छह दिनों से विभिन्न वार्डाे में पेयजल की आपूर्ति ठप है। जिससे शुक्रवार को उपभोक्ता भड़क उठे। उन्होंने जल संस्थान कार्यालय में प्रदर्शन कर आक्रोश जाहिर किया। कहा इतने दिनों से पानी की किल्लत बनी हुई है अब तक समाधान हो जाना चाहिए था। इधर, संस्थान के अधिकारियों ने बताया पंप की मोटर खराब हो जाने की वजह से आपूर्ति बाधित हो गई थी। शनिवार को सप्लाई मिले जाने का दावा किया है।
बता दें कि पिछले कई दिनों नगर के विभिन्न वार्डो हिलव्यू कालोनी, टीचर कालोनी, इस्लामनगर आदि शहर के कई जगह पर पेयजल व्यवस्था बाधित हो गई है। जिसके चलते लोगों को खासी दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को उपभोक्ताओं ने कार्यालय पहुंचकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि विगत छह दिनों से विभिन्न वार्डो में पेयजल आपूर्ति सुचारु रूप से नहीं हो रही है। इसके निस्तारण के लिए कई बार विभाग को अवगत भी कराया गया। बावजूद इसके समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने समस्या का जल्द निराकरण न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर कामिनी देवी, ममता देवी, कमला, सिला देवी, नेहा, नबल, रजत, अभिषेक, राकेश आदि मौजूद थे।
--------------
इंसेट
तहसील के पंप में बदली तीसरी मोटर
जल संस्थान के जेई कमल जोशी ने बताया कि सात सितंबर की रात को तहसील स्थित पंप पर लगी मोटर खराब हो गई थी। आठ को मोटर बदल दी थी, लेकिन वह मोटर भी पानी नहीं उठा सकी। जिसके बाद शुक्रवार को तीसरी मोटर बदली जा रही है। शनिवार की सुबह सभी उपभोक्ताओं को नियमित पानी मिल जाएगा।