सिडकुल में रामपुर के युवक पर जानलेवा हमला, गंभीर
रुद्रपुर में रामपुर निवासी युवक पर सिडकुल में जानलेवा हमला कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक है।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : रामपुर निवासी युवक पर सिडकुल में जानलेवा हमला कर दिया गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर शराबा होने पर आरोपित फरार हो गए। मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मिलक, रामपुर, यूपी निवासी विनय वाल्मीकि सिडकुल की एक कंपनी में काम करता है। गुरुवार सुबह वह रोज की भांति ही अपने काम पर आया था। शाम को वह वापस घर को जा रहा था। इसी बीच सिडकुल के सेक्टर 9 में उसे ट्रांजिट कैंप निवासी गोपाल पुत्र खुदी वर्मन, राजू पुत्र बंशीलाल और एक अन्य ने घेर लिया। साथ ही विनय से गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने विनय पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे विनय लहुलूहान हो गया। सूचना पर सिडकुल चौकी प्रभारी अनिल उपाध्याय पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया।उसकी हालत गंभीर देख हल्द्वानी रेफर कर दिया। बाद में पुलिस ने विनय के भाई विष्णु वाल्मीकि की तहरीर पर तीनों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया है। एसओ पंतनगर अशोक कुमार ने बताया कि विवाद के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पीड़ित को होश आने के बाद पूछताछ की जाएगी। बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है।