विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 18, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आखिर क्‍यों? कांग्रेस के विधायक ने उत्‍तराखंड के मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी को कहा थैंक्‍यू, पढ़ें पूरा मामला

Published: Thu, 18 Jul 2024 01:50 PM (IST)

Pushkar Singh Dhami स्थानीय कांग्रेस विधायक और विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने खुले दिल से सराहना करते ...और पढ़ें

Pushkar Singh Dhami: विधायक कापड़ी भी बोले थैंक यू धामी जी
Pushkar Singh Dhami: विधायक कापड़ी भी बोले थैंक यू धामी जी

HighLights

  1. आपदा के लिए विभागीय लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया, जांच की मांग

जागरण संवाददाता, खटीमा । Pushkar Singh Dhami: पिछले दिनों भारी बारिश के कारण शहर व आसपास के इलाकों में हुए जलभराव की आपदा से पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तत्परता की अब स्थानीय कांग्रेस विधायक और विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने खुले दिल से सराहना करते हुए उन्हें थैंक यू कहा है।

पिछले दिनों भारी बारिश के कारण खटीमा शहर व आसपास के ग्रामीण इलाके भारी जलभराव का शिकार हो गए थे और इसके चलते हजारों परिवारों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। कई परिवारों के सम्मुख तो रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया।

प्रति परिवार पांच हजार की दर से राहत राशि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अविलंब क्षेत्र का दौरा किया और आपदा पीड़ितों के लिए प्रति परिवार पांच हजार की दर से राहत राशि के रूप में दस करोड़ स्वीकृत किए। जिसे युद्धस्तर पर पीड़ितों के बीच बांटा जा रहा है।

कांग्रेस विधायक कापड़ी ने इस मामले में प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष धन्यवाद करना चाहते हैं कि उन्होंने आपदा में तत्काल खटीमा का दौरा कर पीड़ितों की व्यथा को समझा और राहत के रूप में दस करोड़ रुपये स्वीकृत किए और साथ ही बड़ी संख्या में राशन के किट भी बंटवाए। हालांकि विधायक ने राहत का दायरा बढ़ाने तथा राहत वितरण में और अधिक पारदर्शिता लाने की मांग भी उठाई।

कापड़ी ने सिंचाई विभाग को घेरे में लिया

विधायक कापड़ी ने प्रेस कान्फ्रेंस में आपदा के कारण के लिए बगैर नाम लिए सिंचाई विभाग को घेरे में लिया और कहा कि इससे पूर्व भी भारी बरसात होती रही है, लेकिन इस प्रकार की आपदा कभी नहीं आई। इससे यह सिद्ध होता है कि आपदा का कारण भारी बारिश नहीं, अपितु नहरों को बिना किसी पूर्व चेतावनी के सौ प्रतिशत खोले जाने से उत्पन्न ओवरफ्लो और कुछ स्थानों पर नहरों का टूट जाना रहा है।

विधायक ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस मामले में जांच कर जिम्मेदार विभाग को चिह्नित किया जाए। इस दौरान पीसीसी सदस्य बाबी राठौर, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चंद, नगराध्यक्ष रवीश भटनागर, रमेश रौतेला आदि मौजूद थे।

विधायक कापड़ी ने निधि से दिए एक करोड़

विधायक भुवन कापड़ी ने खटीमा आपदा में राहत के लिए अपनी इस वर्ष की विधायक निधि से एक करोड़ रुपये की धनराशि दिए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस धनराशि को आपदा राहत के निर्धारित नियमों के अनुसार खर्च किया जा सकेगा।

स्कूली बच्चों को देंगे कॉपी-किताबें

कापड़ी ने कहा कि जलभराव से घरों में स्कूली बच्चों की बड़ी संख्या में कॉपी-किताबें नष्ट हो गई हैं। बच्चों के हाथों में फिर किताबें पहुंच सकें, इसके लिए कांग्रेस ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में बच्चों को नई कॉपी-किताबें मुहैया करवाने की मुहिम शुरू की है। इसकी शुरुआत बुधवार को सरस्वती शिशु मंदिर चकरपुर में वनरावत बस्ती के बच्चों में किताबें बांट कर की गई। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चंद आदि मौजूद थे।

विधायक राणा भी कर चुके हैं तारीफ

नानकमत्ता के कांग्रेस विधायक गोपाल राणा ने सीएम पुष्कर सिंह धामी की खुले दिल से सराहना कर चुके हैं। विधायक राणा ने फेसबुक पर एक वीडियो में राहत के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। कहा कि दैवीय आपदा को लेकर मुख्यमंत्री ने जिस प्रकार फौरन राहत पहुंचाने के लिए त्वरित कदम उठाए हैं, वह इसके लिए मुख्यमंत्री का विशेष रूप से धन्यवाद करना चाहते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।