उत्तराखंड में कांग्रेस नेता के भाई-भतीजों और बेटे ने दो युवकों का किया अपहरण, फार्म हाउस में पीटा
भूरारानी निवासी नवीन खेड़ा ने दो पुत्रों और करीब 15 साथियों के साथ युवक के घर पर धावा बोल दिया। ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। भूरारानी में वाहन क्रास करने को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि भूरारानी निवासी नवीन खेड़ा ने दो पुत्रों और करीब 15 साथियों के साथ युवक के घर पर धावा बोल दिया।
घर पर नहीं मिलने पर आरोपितों ने ठंडी सड़क से युवक और उसके दोस्त को गाड़ियों में बैठाकर हंस विहार स्थित फार्म हाउस में ले जाकर लाठी-डंडों, लोहे की राड, बेल्ट और धारदार हथियारों से पीटा। हमले में युवक का सिर दो जगह से फट गया, जबकि हाथ की एक अंगुली भी गंभीर रूप से कट गई।
सिर और अंगुली में टांके लगवाए
आरोप है कि मारपीट के बाद फार्म हाउस में डाक्टर बुलाकर घायल के सिर और अंगुली में टांके लगवाए गए। इसके बाद दोनों को वापस उसी स्थान पर छोड़ दिया। पुलिस ने पिता और दो पुत्रों समेत 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। आरोपित कांग्रेस प्रदेश सचिव मोहन खेड़ा के भाई, भतीजे और बेटा है।
वार्ड नंबर 32, दुर्गा कालोनी, भूरारानी निवासी वीरू ने बताया कि नौ नवंबर की शाम सात बजे भूरारानी रोड पर नवीन खेड़ा के बेटे राघव खेड़ा से वाहन क्रास करने को लेकर उसकी कहासुनी हो गई थी। उस समय मामला शांत हो गया, आरोप है कि इसी से नाराज होकर नवीन खेड़ा ने बेट विवेक खेड़ा और राघव खेड़ा समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके घर पर धावा बोल दिया।
मारपीट के बाद वापस वहीं छोड़ दिया, जाते समय आरोपितों ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने भाई नवीन खेड़ा, विवेक खेड़ा, राघव खेड़ा, मोंटी, रावत, पिंटू और कशिश खेड़ा समेत आठ अन्य पर कार्रवाई की मांग की। सीओ विभव सैनी ने बताया कि नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।