कोविड संक्रमितों की मदद के लिए आगे आई कांग्रेस
किच्छा में कोविड संक्रमण की दूसरी लहर में कांग्रेस भी संक्रमितों की मदद के लिए आगे आई है।
जागरण टीम, किच्छा/रुद्रपुर : कोविड संक्रमण की दूसरी लहर में कांग्रेस भी संक्रमितों की मदद के लिए आगे आई है। एंबुलेंस सेवा दे संक्रमितों को अस्पताल पहुंचाने की पहल की है। उनकी इस पहल का लोगों ने स्वागत किया है। एंबुलेंस के लिए मोबाइल नंबर 9837116384 पर संपर्क किया जा सकता है।
कोविड संक्रमित रोगियों को ले जाने के लिए ऑक्सीजन सुविधा युक्त एंबुलेंस सबसे बड़ी समस्या है। निजी एंबुलेंस फायदा उठा कर मोटी रकम वसूल रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस ने मदद की पहल कर शुक्रवार को ऑक्सीजन सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस सेवा शुरू की। कांग्रेस नगर महामंत्री फिरदौस सलमानी ने बताया कि एंबुलेंस में शुरुआती रूप में पांच ऑक्सीजन सिलिडर की व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था आपातकालीन होगी और गंभीर परिस्थितियों में जरूरत होने पर भरा सिलिडर जरूरतमंद को पहुंचा दिया जायेगा। नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार बजाज ने बताया कि आपातकालीन आवश्यकता पर उनके साथ ही कांग्रेस नेता पुष्कर राज जैन, संजीव कुमार सिंह, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अरुण तनेजा से सम्पर्क किया जा सकता है। एंबुलेंस नगर के बाईपास स्थित हास्पिटल पर खड़ी कर दी गयी है। सुरेश कोली जरूरतमंदों के घर कर रहे सैनिटाइज
जासं, रुद्रपुर : पूर्व मेयर सोनी कोली के पति व भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेश कोली ने ओमेक्स, आदर्श कालोनी, जगतपुरा, शिमला बहादुर, इंदिरा आदि कालोनी में जरूरतमंदों के घरों में सैनिटाइज कराया। इस मौके पर यादराम कोली, गोलू ठुकराल, सूरज, किशन कोली आदि मौजूद थे। सुरेश कोली ने कहा कि इस महामारी के संकट में लोगों को आगे बढ़कर आना चाहिए। जहां से सैनिटाइज के लिए फोन आता है, उनकी टीम वहां पहुंचकर सैनिटाइज कर रही है।