सिविल कोर्ट में तैनात आरक्षी की सड़क हादसे में मौत
संवाद सहयोगी, खटीमा: सिविल कोर्ट की सुरक्षा में तैनात आर्म्ड पुलिस के जवान की सड़क हादसे में मौत हो
संवाद सहयोगी, खटीमा: सिविल कोर्ट की सुरक्षा में तैनात आर्म्ड पुलिस के जवान की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाजार से घर लौटते समय उनकी बाइक को तेज रफ्तार बुलेट ने टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इधर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अधिकारियों ने आरक्षी को सलामी दी।
मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के थल मसमोली के रहने वाले 42 वर्षीय कौस्तुबानंद जोशी पुत्र हीरा बल्लभ जोशी कंजाबाग ब्यानधुरा कालोनी में परिवार सहित स्वयं के मकान में रहते थे। 17 वर्ष तक सेना की महर रेजीमेंट में सेवाएं देने के बाद वर्ष 2011 में वे सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद 2012 में वे पुलिस में भर्ती हो गए। जो वर्तमान में आर्म्ड पुलिस में सेवाएं देते हुए सिविल कोर्ट की सुरक्षा में तैनात थे। रविवार की देर रात करीब साढ़े दस बजे वह अपनी बाइक संख्या-यूके05 ए0012 से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कंजाबाग तिराहे पर सितारगंज की ओर से आ रही बिना नंबर की तेज रफ्तार बुलेट ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिस पर वे सड़क पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गंभीर चोटें पहुंची। बुलेट सवार मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। आनन-फानन में उन्हें नागरिक चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस तत्काल वहां पहुंची। साथ ही परिजनों को हादसे की जानकारी दी। मृतक की पत्नी भावना जोशी, बड़ी बेटी अंजलि व छोटी बेटी पूनम एक पारिवारिक विवाह समारोह में भाग लेने बेरीनाग गए हुए थे। इधर सोमवार की सुबह उनकी पत्नी व रिश्तेदार भी यहां पहुंच गए। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। बाद में शव को कोतवाली परिसर में रखा गया। जहां एसएसपी बरिदरजीत सिंह, एएसपी देवेंद्र पींचा, सीओ सुरजीत सिंह, कोतवाल संजय पाठक के साथ ही आर्म्ड पुलिस की गारद ने आरक्षी को सलामी दी। बाद में बनबसा के शारदा तट पर उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर इस दुखद घटना के बाद पत्नी भावना का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बडे़ भाई प्रकाश जोशी प्राईवेट शिक्षक हैं। जबकि पिता सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। जो पहाड़ पर ही रहते हैं।
इंसेट------
हादसे से घंटे भर पहले हुई थी पत्नी से बात
खटीमा :हादसे का शिकार बने आर्म्ड पुलिस के जवान जोशी ने रविवार की रात बेरीनाग गई अपनी पत्नी भावना से मोबाइल पर बात भी की थी। घंटे भर बाद ही वह हादसे का शिकार हो गए। आरक्षी की बाइक को बुलेट के टक्कर मारने की पूरी घटना कंजाबाग तिराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि बुलेट सवार ने विपरीत दिशा में जाकर बाइक को टक्कर मारी।