भाजपा के चुनावी हथियार होंगे दलित व किसान
जागरण संवाददाता, काशीपुर: मिशन 2019 के लिए भाजपा की रणनीति वर्ग विशेष को भुनाने पर है।
जागरण संवाददाता, काशीपुर: मिशन 2019 के लिए भाजपा की रणनीति वर्ग विशेष को भुनाने पर है। केंद्रीय योजनाओं के बूते किसान एवं दलित भाजपा के लिए अहम कड़ी हैं। इस कड़ी को भाजपा अपने पक्ष में करने के लिए अब तक किए गए कामों को तो आधार बनाएगी ही भविष्य की योजनाओं से मिलने वाले लाभ के बारे में कार्यकर्ताओं के माध्यम से बात घर-घर तक पहुंचाएगी। कार्यसमिति में इन वर्गो पर रहा विशेष फोकस पार्टी की इसी रणनीति को बयां कर गया।
केंद्र सरकार किसानों की फसल लागत की डेढ़ गुना कीमत देने व दलित समाज के हितों के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ता को नसीहत दी कि किसानों को यह बताए कि उनके हितों के लिए क्या योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी तरह आंबेडकर चौपाल के जरिये दलित समाज तक पहुंचना है। जिससे दलित समाज व किसान भाजपा के साथ खुद को अधिक सहज महसूस करे। बूथों के माध्यम से यह जिम्मेदारी कार्यकर्ता की ही होगी। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया कि बूथ स्तर पर जिन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है उनके कार्यो का सत्यापन भी किया जाएगा। लोकसभा से पहले निकाय चुनाव में भी यह रणनीति कारगर बनेगी।