उत्तराखंड की मातृशक्ति से माफी मांगे भगत : रीना
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीना कपूर ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश के लिए अभद्र टिप्पणी कर महिलाओं का अपमान किया है।
संस, बाजपुर : महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीना कपूर ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा जहां एक ओर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व महिला सशक्तीकरण का नारा बुलंद कर खुद को अनुशासित पार्टी होने का दावा करती है, वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश के लिए अभद्र टिप्पणी करते हैं।
उन्होंने कहा महिलाओं के सम्मान के लिए बड़ी-बड़ी बातें करने वाली भाजपा की ओछी मानसिकता को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने दर्शाया है। उन्होंने कहा बंशीधर भगत को उत्तराखंड की मातृशक्ति से माफी मांगनी चाहिए और तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा भगत खुले मंच पर उत्तराखंड की मातृशक्ति से माफी मांगें।
गाजीपुर बार्डर पर किसान आंदोलन में लंगर सेवा में जुटी कांग्रेस पीसीसी सदस्य सुनीता टम्टा बाजवा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के बयान पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को महिलाओं के प्रति अपनी सोच को स्पष्ट करना चाहिए। कहा कि क्या महिलाओं के सम्मान, बेटी बचाओ की बातें भाजपा के लिए सिर्फ चुनावी जुमला है। भाजपा नेताओं में जरा सी भी नैतिकता बची हो तो पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भगत से तुरंत इस्तीफा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगत ने इंदिरा हृदयेश के खिलाफ जो अमर्यादित टिप्पणी की है उससे महिलाओं के सम्मान को गहरी ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में इतना शर्मनाक बयान बहुत कष्टदायी है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए वह बहुत कम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस तरह के बयानों की घोर निंदा करने की अपील की है।