सरकारी क्रय केंद्रों पर हुई 62960 क्विटल तौल
रुद्रपुर में सरकारी क्रय केंद्रों पर रविवार को भी खरीद हुई।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : सरकारी क्रय केंद्रों पर रविवार को भी खरीद हुई। 180 सरकारी क्रय केंद्र होने के बाद भी किसानों की मुसीबत कम नहीं हो रही है। केंद्रों पर भीड़ होने से बहुत से किसान गल्ला मंडी में 1400 के रेट में धान बेच रहे हैं। ऐसे में किसानों की मेहनत का सही दाम नहीं मिल रहा है।
सोमवार को किसान धान लेकर मंडी पहुंचे, लेकिन अब तक रेट तय न किए जाने से कच्चे आढ़ती धान का मूल्य 1400 से अधिक नहीं दे रहे हैं। वहीं मंडी में धान की आवक की स्थिति अधिक होने से व्यवस्थाएं भी चरमरा गई हैं। गल्ला मंडी में किसानों को सही रेट न मिलने से करीब 70 से अधिक किसान धान लेकर वापस चले गए। मंडी में घंटों किसान जाम में जूझते रहे न तो तौल हुई और न ही वह कहीं और धान ले जाने की हिम्मत जुटा पाए। इंदरपुर के गुरप्रीत ने बताया कि चार सौ क्विटल धान की तौल कच्चे आढ़तियों के वहां 1470 के रेट में कराया। बताया कि सरकारी क्रय केंद्रों पर भीड़ इतनी अधिक है कि उन्हें घंटों लाइन में लगना पड़ता।
------------
180 क्रय केंद्र खुले
जिले में वर्तमान में 180 धान क्रय केंद्र खुल चुके हैं। रविवार को कुल 62960 क्विटल धान तौल हुई। इस बार जिले में जिसमें सहकारी समितियों ने 45781 क्विटल, यूसीएफ ने 8914 क्विटल, नेफेड ने 8264 क्विटल धान क्रय किया। अब तक ऊधम सिंह नगर में 7459 किसानों ने 688398 क्विटल धान की तौल कराई है। जबकि 120 केंद्रों पर किसानों को 23 करोड़ रुपए का भुगतान सहकारिता ने किया है। एआर सहकारिता हरीश चंद्र खंडूरी ने बताया कि पंतनगर में एक क्रय केंद्र अतिरिक्त खोला जा सकता है।
............
धान की बोली पर होगी खरीदारी
जासं, रुद्रपुर : धान खरीद के लिए किसानों को अब राहत मिलेगी। राइस मिलर्स धान बोली के आधार पर खरीद सकेंगे। यह बैठक में निर्णय लिया गया। मंडी सचिव ने कहा कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बोली के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
सोमवार को धान खरीद के संबंध में कलक्ट्रेट में राइस मिलर्स की बैठक में उप जिलाधिकारी व राइस मिलर्स व किसान संगठनों के बीच वार्ता हुई। मंगलवार से गल्ला मंडी रुद्रपुर में राइस मिलर बोली के आधार पर धान खरीदेंगे। बोली मंडी सचिव की मौजूदगी में होगी। बोली सरकारी रेट के आधार पर लगाई जाएगी। इस मौके पर किसान नेता तेजिदर सिंह विर्क, ठाकुर जगदीश सिंह, सुखा सिंह, अमनदीप सिंह, राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष देवीशंकर, रोहित मित्तल, बलविदर सिंह, राजेश आदि मौजूद थे।