इंडस्ट्री के लिए माहौल नहीं बना पा रही सरकार
रुद्रपुर में सरकार उत्तराखंड में इंडस्ट्री के लिए माहौल नहीं बना पा रही है।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : सरकार उत्तराखंड में इंडस्ट्री के लिए माहौल नहीं बना पा रही है। देश की प्रमुख बिस्कुट तैयार करने वाली कंपनी का उत्पादन गिरने का कारण मांग कम होना है, लेकिन सरकार चंद उद्योगपतियों के हाथ में कमान सौंप रही है। इससे एकाधिकार की स्थिति पैदा हो रही है, जो किसी भी देश की प्रगति में बाधा बन सकती है।
यह बातें कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने बुधवार को रामपुर हाईवे स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। आंकड़े गवाह हैं कि ओएनजीसी तेल की खोज में पिछड़ रही है, जिसका परिणाम अधिक आयात के रूप में देश को भुगतना पड़ रहा है। देश के शिक्षा बजट का कम किया गया है। युवा पढ़ाई के बाद नौकरी मांगेगा न की पकौड़े तल कर अपना काम चलाएगा। सरकार से परेशान आम जनता कांग्रेस की तरफ आशा भरी नजरों से देख रही है। देश के चार राज्यों में चुनाव का बिगुल बज चुका है। वहां कांग्रेस का प्रदर्शन कांग्रेस की बढ़ती ताकत का स्वयं प्रमाण देगा। कांग्रेस ने अपने काम को जनता के सामने रखने की योजना तैयार की है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता आगे आए हैं। आगामी चुनाव में इसका फायदा कांग्रेस को होगा, इसमें कोई शक नहीं है। कांग्रेस में अंदरुनी घमासान पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी लोग राहुल गांधी के साथ हैं। लोकतंत्र में जिसके साथ संख्या बल है उसे ही अगुवाई का मौका दिया जाता है।