यूपी जाने वाले चार कच्चे मार्ग बंद
सितारगंज में लॉकडाउन के दौरान बाहरी प्रदेशों से आ रहे लोगों को रोकने के लिए चार कच्चे मार्ग बंद कर दिए।
जागरण संवाददाता सितारगंज: लॉकडाउन में बाहरी प्रदेशों से आ रहे लोगों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने यूपी के सीमावर्ती इलाकों को सील कर दिया है। मुख्य आठ मार्गों पर बैरिकेडिग कर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया है। वहीं खेतों से निकलने वाले चार कच्चे मार्गों को जेसीबी से खुदाई कर बंद कर दिया गया है। सोमवार शाम अपर पुलिस अधीक्षक ने सीमावर्ती इलाकों का दौरा कर यूपी से प्रवेश करने वालों पर अंकुश लगाने को किए गए कार्यों का जायजा लिया।
लॉकडाउन के बाद यूपी से आने वाले लोगों पर रोक लगा दी गई है। पुलिस टीम ने सरकड़ा में दो घेरा फार्म और साबेपुर के कच्चे मार्गों को खुदाई कर आवागमन के लिए बंद किया है। कोतवाल सलाउद्दीन ने बताया कि यूपी सीमा से सटे अधिकृत और अनाधिकृत रातों को पूरी तरीके से बंद कर दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिचा और सीओ सुरजीत कुमार ने सीमावर्ती इलाकों का भ्रमण कर आवागमन रोकने के लिए किए गए इंतजामों को देखा।