पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष सहित चार दुकानदारों पर मुकदमा
लॉक डाउन के बाद भी दुकान खोलने वाले पांच व्यापारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददात, रुद्रपुर : लॉक डाउन के बाद भी दुकान खोलने वाले पांच व्यापारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसमें चार व्यापारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि एक व्यापारी का पुलिस एक्ट में चालान किया गया है। चारों व्यापारियों में से एक भाजपा की पूर्व नगर अध्यक्ष भी है।
31 मार्च तक उत्तराखंड को लॉकडाउन कर दिया गया है। ऊधमसिह नगर में सोमवार को दोपहर एक बजे तक लोगों को आवश्यक सामान खरीदने के लिए दुकान खोलने की अनुमति दी गई थी। बावजूद इसके कई व्यापारी अपने दुकान खोले रहे। ऐसे करीब 24 से अधिक व्यापारियों को पुलिस ने चिह्नित कर लिया था। इसमें शामिल चार व्यापारी पांच मंदिर निवासी पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष हरीश कुमार पुत्र श्याम दास, सुभाष पुत्र नाथू राम, गांधी कालोनी निवासी वसीम पुत्र असलम और खेड़ा निवासी आकाश पुत्र नत्थू लाल के खिलाफ पुलिस ने धारा 188, 269 और 270 के तहत केस दर्ज कर लिया है। साथ ही प्रीत विहार, रम्पुरा निवासी त्रिलोचन सिंह पुत्र गोपाल सिंह का पुलिस ने पुलिस एक्ट में चालान काट दिया है। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि चार व्यापारियों पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है, एक का पुलिस एक्ट में चालान काटा गया है।